न्यू पंचवटी ज्वेलर्स लूट मामले में गढ़वा से पकड़े गये चार आरोपी
गढ़वा के साहिजना स्थित होटल नवनीत में छापेमारी कर पुलिस ने पकड़ा
रांची/गढ़वा. रांची पुलिस ने रविवार की अहले सुबह गढ़वा थाना क्षेत्र के साहिजना स्थित होटल नवनीत से चार लोगों को पकड़ा है. इस दौरान होटल के तीसरे तल्ले से एक युवक ने कूद कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया. पुलिस सभी को साथ लेकर रांची आयी है. इन चारों को पंडरा स्थित न्यू पंचवटी ज्वेलर्स लूट मामले में पकड़ा गया है. हालांकि रांची पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद पूरा मामला साफ होगा. रांची पुलिस को पता चला था कि न्यू पंचवटी ज्वेलर्स लूट मामले के कुछ आरोपी गढ़वा के एक होटल में ठहरे हुए हैं. इसके बाद रविवार की सुबह रांची व गढ़वा पुलिस ने संयुक्त रूप से होटल में छापेमारी की. इस दौरान ये लोग इधर-उधर भागने लगे. पुलिस ने होटल को घेर कर चारों युवकों को पकड़ लिया. उक्त चारों युवक एक दिन पहले से होटल नवनीत में ठहरे हुए थे. इधर, मामले में पुलिस ने पत्रकारों को कुछ भी बताने से इनकार कर दिया. जानकारी के अनुसार उक्त चारों युवकों पर रांची में विभिन्न मामलों में प्राथमिकी दर्ज हैं. रांची पुलिस ने गढ़वा पुलिस की मदद से होटल में छापेमारी की. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गयी. पकड़े गये चारों अपराधियों में से एक गढ़वा जिला का बताया जा रहा है. वह अपने अन्य तीन साथियों के साथ होटल में ठहरा हुआ था.
आपके शहर में
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए