PHOTOS: सीएम हेमंत के प्रेस सलाहकार पिंटू समेत कई के ठिकानों पर छापा, तस्वीरों में देखें झारखंड में ईडी रेड

झारखंड में राजनीतिक हलचल के बीच ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है. 3 जनवरी के अहले सुबह ही ईडी की टीम ने सीएम हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार पिंटू समेत कई करीबियों के ठिकानों पर पहुंच गई. ईडी ने किसी के घर प्रिंटर मंगवाया, तो कहीं ताला तोड़ने वाले मिस्त्री को बुलाया. तस्वीरों में देखिए झारखंड में ईडी की रेड.

झारखंड में ईडी की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. यह कार्रवाई अवैध खनन मामले में की गई है. सीएम हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू समेत कथित अवैध खनन घोटाला से जुड़े कई लोगों के ठिकानों पर ईडी की टीम ने छापा मारा है. सोमवार को सुबह-सुबह ईडी की टीम ने रांची के आधा दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की. सूत्र बता रहे हैं कि धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मीडिया सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू समेत कई लोगों के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने छापेमारी की है. जिन लोगों के यहां छापेमारी चल रही है, उसमें प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी और राजनीतिक दल के नेता शामिल हैं.

इधर, जमीन घोटाला मामले में ईडी की संभावित कार्रवाई से निबटने की रणनीति बनाने के लिए सत्ता पक्ष के विधायकों की बैठक बुलाई गई है. शाम को साढ़े चार बजे सरकार के घटक दलों झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के विधायकों की बैठक होनी है, इससे पहले हुई इस कार्रवाई से राजनीतिक और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.

कहां-कहां हो रही है छापेमारी
रांची में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के मीडिया सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू के आवास पर
आईएएस और साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव के साहिबगंज और राजस्थान स्थित आवासों पर
रांची में ग्रिड आर्किटेक्ट के मालिक बिनोद कुमार के ठिकानों पर
साहिबगंज में खोदनिया ब्रदर्स के यहां
देवघर में पूर्व विधायक पप्पू यादव के आवास पर
साहिबगंज डीएसपी राजेंद्र दुबे के हजारीबाग स्थित घर पर
इसके अलावा अभय सरावगी के कोलकाता स्थित ठिकानों पर
कोलकाता में सिपाही अवधेश खुमार के यहां

छापेमारी के दौरान ईडी ने सीएम हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार पिंटू के घर ताला तोड़ने वाले मिस्त्री को बुलाया. मिस्त्री ने आकर ताला तोड़ दिया. अभिषेक प्रसाद पिंटू के घर से ताला तोड़कर बाहर निकले पर मिस्त्री ने बताया कि उन्हें लॉकर तोड़ने के लिए बुलाया गया था.

रांची में जिन लोगों के यहां छापेमारी हो रही है, उनमें विनोद सिंह का भी नाम आ रहा है. विनोद सिंह ग्रिड आर्किटेक्ट के मालिक हैं.

रांची में विनोद सिंह के पिस्का मोड़ स्थित आवास पर ईडी की तलाशी जारी है.

विनोद सिंह के आवास पर छापेमारी के बीच विनोद सिंह के घर प्रिंटर मंगवाया गया. कयास लगाए जा रहे हैं कि विनोद सिंह के घर से कुछ जरूरी दस्तावेज मिले हैं. इसलिए टीम को प्रिंटर की जरूरत पड़ी.

साहिबगंज में पदस्थापित डीएसपी राजेंद्र दुबे के हजारीबाग स्थित आवास पर भी ईडी की टीम ने छापेमारी कर रही है. बुधवार सुबह 7:00 बजे ईडी की टीम डीएसपी के आवास पर दो गाड़ियों से पहुंची है, जिसमें कुल 10 लोग आए थे.

सुबह 7:00 बजे ईडी की टीम ने डीएसपी के घर में प्रवेश किया है. घर के बाहर सीआरपीएफ के जवान सुरक्षा में तैनात है. ईडी की छापामारी शुरू होते ही शिवपुरी मोहल्ले में चर्चा का बाजार गर्म हो गया. बता दें कि राजेंद्र दुबे 1994 बैच के दरोगा हैं, प्रमोशन मिलने पर वे डीएसपी बन गए हैं.

1000 करोड़ रुपए के कथित अवैध खनन व मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रही ईडी की टीम साहिबगंज भी पहुंची. अलग-अलग 3 सदस्यों वाली दो टीमों ने तीन जनवरी की अहले सुबह साहिबगंज में दस्तक दी.

साहिबगंज पहुंची एक टीम ने शहर के नामचीन पत्थर व्यवसाई कन्हैया खुडानिया के पुराने आवास पर छापेमारी की. कन्हाई खुडानिया के आवास पर पहुंची ईडी की टीम ने उनसे कई कागजातों के मामले में पूछताछ शुरू की. साथ ही खनन से जुड़े कुछ मामलों में की भी जानकारी ली गई है. वहीं, दूसरी टीम उपायुक्त रामनिवास यादव के आवासीय कार्यालय पहुंची. उसने क्या बातचीत हुई, इस मामले में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है.

देवघर के कास्टर टाउन मुहल्ला निवासी पूर्व विधायक राजकिशोर प्रसाद उर्फ पप्पू यादव के कंचन गोपाल अपार्टमेंट स्थित फ्लैट संख्या 502 में ईडी की टीम बुधवार की अहले सुबह छापेमारी के लिए पहुंची है. चार सदस्यीय पदाधिकारियों की टीम जहां फ्लैट के अंदर पूर्व विधायक व उनके घरवालों से पूछताछ में जुट गई है. वहीं काफी संख्या में सुरक्षाकर्मी अपार्टमेंट के नीचे सुरक्षा में तैनात हैं, जो अपार्टमेंट में आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ के पश्चात ही उन्हें ऊपर की ओर जाने की इजाजत दे रहे हैं. सुबह 7.30 बजे से शुरू हुई छापेमारी का यह अभियान अभी भी (खबर लिखे जाने तक) जारी है.
Also Read: झारखंड में ईडी की बड़ी कार्रवाई, सीएम हेमंत सोरेन के मीडिया सलाहकार पिंटू समेत कई करीबियों के ठिकानों पर रेडप्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Jaya Bharti
This is Jaya Bharti, with more than two years of experience in journalistic field. Currently working as a content writer for Prabhat Khabar Digital in Ranchi but belongs to Dhanbad. She has basic knowledge of video editing and thumbnail designing. She also does voice over and anchoring. In short Jaya can do work as a multimedia producer.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




