Political News : कांग्रेस को बाबासाहेब पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं : अमर बाउरी
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 09 Jan 2025 5:50 PM
पूर्व नेता प्रतिपक्ष व संविधान गौरव अभियान के प्रदेश संयोजक अमर बाउरी की अध्यक्षता में गुरुवार को अभियान की प्रदेश व जिला टोली की बैठक हुई.
रांची (प्रमुख संवाददाता). पूर्व नेता प्रतिपक्ष व संविधान गौरव अभियान के प्रदेश संयोजक अमर बाउरी की अध्यक्षता में गुरुवार को अभियान की प्रदेश व जिला टोली की बैठक हुई. बैठक में श्री बाउरी ने कहा कि 11 से 25 जनवरी तक भाजपा द्वारा देश भर में संविधान गौरव अभियान चलाया जायेगा. झारखंड में पार्टी के सदस्यता अभियान में कार्यकर्ताओं की व्यस्तता को देखते हुए यहां यह अभियान अब 15 से 25 जनवरी तक चलाया जायेगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर पर बोलने का नैतिक अधिकार खो दिया है. यह वही कांग्रेस है, जिसने बाबासाहेब को चुनाव में हराने का प्रयास किया था. दलितों के प्रति कांग्रेस की सोच कैसी थी, यह कांग्रेस पार्टी के इतिहास से पता चलता है. कहा कि अपने परिवार के नेताओं के लिए बड़े-बड़े स्मारक बनाने वाली कांग्रेस ने बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर के लिए दिल्ली में दो गज जमीन भी उपलब्ध नहीं कराया. कहा कि कांग्रेस पार्टी को आज आंबेडकर की याद आ रही है. यह वही कांग्रेस है, जिसने संसद में बाबासाहेब का तैल चित्र तक नहीं लगाया. कांग्रेस पार्टी ने जीवित अवस्था में ही पं जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी को भारत रत्न से सम्मानित किया. राजीव गांधी को भी भारत रत्न दिया गया, लेकिन बाबासाहेब को भारत रत्न से वंचित रखा. कहा कि अपने सत्ता के लिए संविधान में 90 बार से अधिक संशोधन करने वाली कांग्रेस आज संविधान पर बोल रही. आपातकाल के माध्यम से लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र की बात कर रही. इससे बड़ा मजाक कुछ नहीं हो सकता. श्री बाउरी ने कहा कि भाजपा संविधान गौरव अभियान के तहत हर जिलों, मंडलों में जनता को कांग्रेस पार्टी द्वारा बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर के साथ हुए अपमान को बतायेगी. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार ने कैसे बाबा साहेब के नीतियों विचारों को सींचने का प्रयास किया है, उसे भी बताने का काम करेगी. बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश के सह संयोजक राकेश भास्कर, नंदजी प्रसाद, अमरदीप यादव के अलावा सभी सांगठनिक जिलों के अभियान से जुड़े जिला संयोजक एवं सह संयोजक शामिल हुए.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










