बांस से सजे पंडाल से वन्य जीवों की पेंटिंग तक, रांची में गणेश पूजा के ये पंडाल खींच रहे ध्यान

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

रांची में गणेश पूजा की धूम है, जहाँ विभिन्न पूजा समितियों ने कलात्मक और इको-फ्रेंडली पंडाल सजाए हैं. फिरायालाल में बांस से बना पंडाल और लोअर चुटिया में 55 फीट ऊंचा मंडप खास आकर्षण हैं. जानिए पूजा और विसर्जन से जुड़ी विस्तृत जानकारी.

विज्ञापन

रांची. गणेश पूजा को लेकर शहर में उत्साह और उमंग का माहौल है. विभिन्न पूजा समितियों की ओर से आकर्षक पंडाल तैयार कर गणपति की आराधना की जा रही है. पंडालों को आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है. कहीं इको फ्रेंडली पंडाल तैयार किया गया है, तो कहीं काल्पनिक थीम पर पंडाल बनाया गया है. पूजा पंडालों में आस्था के साथ कला-संस्कृति की झलक भी देखने को मिल रही है. पूजा समितियों की ओर से विसर्जन तक कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. गंगा आरती, प्रसाद वितरण, खीर वितरण, लड्डू का भोग और भंडारा जैसे कार्यक्रम होंगे.

विज्ञापन

फिरायालाल में बांस से सजा इको फ्रेंडली पंडाल

रांची गणेश पूजा समिति, फिरायालाल में इको फ्रेंडली पंडाल तैयार किया गया है. इसमें झारखंड की कला-संस्कृति को दर्शाया गया है. बांस से बने सूप, पंखा, टोकरी और अन्य सामान से पंडाल को सजाया गया है. यहां 13 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गयी है.

बुधवार को गंगा आरती और खीर वितरण किया जायेगा. गुरुवार को महाआरती होगी. 18 सितंबर को शोभायात्रा के बाद प्रतिमा का विसर्जन किया जायेगा. समिति में करीब 150 सदस्य हैं. अध्यक्ष संदीप मुखर्जी, युवा कार्यकारी अध्यक्ष रोनित, मुख्य आयोजक दीपक सिंह और मुख्य संरक्षक शंकर दुबे हैं.

कचहरी रोड में काल्पनिक थीम का पंडाल

गजराज पूजा महासमिति, कचहरी रोड में काल्पनिक थीम पर पंडाल बनाया गया है. इसे बंगाल के कारीगरों ने तैयार किया है. आकर्षक लाइटिंग की भी व्यवस्था की गयी है. यहां 13.5 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गयी है.

बुधवार को महाभोग और महाआरती का आयोजन होगा, जबकि गुरुवार को महाभंडारा किया जायेगा. 18 सितंबर को शोभायात्रा के बाद विसर्जन होगा. समिति के अध्यक्ष विक्की वर्मा, संयोजक शशि वर्मा, कोषाध्यक्ष राजेश वर्मा, सलाहकार मनीष वर्मा और संरक्षक संतोष सिंह हैं.

लोअर चुटिया में 55 फीट ऊंचा पंडाल

न्यू स्टार नवयुवक संघ श्री गणेश पूजा समिति, लोअर चुटिया मेलाटांड़ मैदान में करीब 55 फीट ऊंचा पंडाल बनाया गया है. पंडाल को खूबसूरत पेंटिंग से सजाया गया है. इसमें अलग-अलग पशु-पक्षियों और वन्य जीवों की पेंटिंग के माध्यम से झारखंड की कला-संस्कृति की झलक दिखायी गयी है. यहां 11.5 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गयी है.

मंगलवार को 101 किलो लड्डू का भोग लगाया गया. बुधवार को 151 किलो लड्डू का भोग लगाया जायेगा. 25 सितंबर को विसर्जन शोभायात्रा निकाली जायेगी. समिति के अध्यक्ष नवीन साहू, संरक्षक छत्रधारी महतो, राकेश सिंह और सचिव संजीव मेहता हैं.

नगराटोली में 15 फीट की गणेश प्रतिमा

ओम श्री सिद्धिविनायक गणेश पूजा समिति, नगराटोली में गणेश पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है. पूजा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गयी हैं. यहां 15 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गयी है.

पूजा के दौरान विधिवत गणेश पूजन, आरती, प्रसाद वितरण, गंगा आरती, भक्ति जागरण और अन्य धार्मिक कार्यक्रम होंगे. पूजा स्थल पर स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है. समिति के मुख्य संरक्षक मेयर रोशनी खलको, संरक्षक कुमार प्राग, सुजीत उरांव और अध्यक्ष मोनू शुक्ल हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola