रांची में CISCE National Hockey Tournament शुरू, देशभर की खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में सीआईएससीई नेशनल हॉकी टूर्नामेंट शुरू हुआ। देशभर की बेटियां दिखा रही हैं अपना दमखम, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया उद्घाटन।
रांची. सेंट जेवियर्स स्कूल, डोरंडा के तत्वावधान में आयोजित CISCE National Hockey Tournament-2026 (बालिका वर्ग) का गुरुवार को मोरहाबादी स्थित जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में उद्घाटन हुआ. तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न CISCE क्षेत्रों से पहुंचीं खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं.
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया उद्घाटन
प्रतियोगिता का उद्घाटन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया. उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां भी जरूरी हैं. खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने का जज्बा विकसित करता है.
उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की. साथ ही अपने बेहतर प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया.
पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबले
प्रतियोगिता के पहले दिन मैदान पर कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले. नॉर्थ वेस्ट और उत्तराखंड के बीच खेला गया मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा. वहीं, ओडिशा के खिलाफ मुकाबले में नॉर्थ वेस्ट की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज की.
मैच के दौरान खिलाड़ियों ने तेज गति के साथ बेहतरीन तकनीक और रणनीति का प्रदर्शन किया. टीमों के बीच शानदार तालमेल और खेल भावना भी देखने को मिली.
राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी गौरव की बात : प्राचार्य
कार्यक्रम में संत जेवियर्स स्कूल, डोरंडा के प्राचार्य फादर फुलदेव सोरेंग, एसजे ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी करना विद्यालय के लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को अनुशासन, सहयोग, संघर्ष और उत्कृष्टता का महत्व भी सिखाता है.
उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और बेहतर प्रदर्शन के लिए उनका उत्साह बढ़ाया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए