मांडर, कांके, चान्हो, रातू और बेड़ो में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी
26 mandar 1 | Prabhat Khabar Network
रांची के मांडर, कांके और चान्हो समेत कई इलाकों में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया. लोगों ने पैगंबर हजरत मुहम्मद के प्रति अकीदत जताई.
प्रभात खबर टोली, रांची. जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को मांडर, कांके, चान्हो, रातू और बेड़ो प्रखंड क्षेत्र में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया. बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने जुलूस में शामिल होकर पैगंबर हजरत मुहम्मद के प्रति अकीदत और श्रद्धा व्यक्त की. जुलूस के दौरान क्षेत्र ‘रसूल की आमद मरहबा’ और ‘सरकार की आमद मरहबा’ जैसे नारों से गूंजता रहा.
आपके शहर में
मांडर में अंजुमन फैजाने अहले सुन्नत गोरे की ओर से जुलूस निकाला गया. गोरे गांव से शुरू हुआ जुलूस कनभीठा, नगड़ा, मुड़मा, कंदरी, मांडर और बुड़ाखुखरा होते हुए वापस गांव पहुंचा. दर्जनों वाहनों और बाइक पर सवार लोग धार्मिक झंडों के साथ जुलूस में शामिल हुए. विभिन्न चौक-चौराहों पर जुलूस का स्वागत किया गया. मुड़मा चौक पर नगड़ा मुखिया बहादुर उरांव, कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष शमीम अख्तर, मोमिन कांफ्रेंस के शमीम आजाद और विधायक प्रतिनिधि आबिद अंसारी ने जुलूस का स्वागत किया. मुड़मा और मांडर चौक पर लोगों ने दरूद व सलाम पेश किया. गोरे गांव में देर शाम मिलाद और लंगर का आयोजन किया गया.
कांके में मौलाना कारी हाशीम कमाल, मौलाना नौशाद आलम और मो. फुरकान के नेतृत्व में मिल्लत कॉलोनी से जुलूस निकाला गया. जुलूस कांके सीआईपी मजार पहुंचा, जहां नात और सलातो-सलाम पेश किया गया. इसके बाद मोहर्रम मैदान पहुंचकर अन्य क्षेत्रों के लोग भी जुलूस में शामिल हुए. जुलूस कांके चौक, बाजारटांड़ और चूड़ी टोला होते हुए मिल्लत कॉलोनी में समाप्त हुआ. नगड़ी और पिठोरिया में भी जुलूस निकाला गया.
चान्हो के चोरया में अंजुमन इस्लामिया मुस्लिम कमेटी आजाद मुहल्ला छोटी मस्जिद की ओर से जुलूस निकाला गया. गुटुवा चौक पर जिप सदस्य आशुतोष तिवारी ने जुलूस का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि पैगंबर हजरत मुहम्मद ने दुनिया को शांति और भाईचारे का संदेश दिया.
रातू में काठीटांड़ चौक, रातू चट्टी, हाजी चौक, मुरगू और भोंडा टंगरा सहित विभिन्न इलाकों में जुलूस निकाला गया. वहीं बेड़ो के दिघिया, महरू, घाघरा, नरकोपी, बिल्टी, भोगला टोली और मसयातू सहित गांवों में भी जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी मनाया गया. जुलूस में इस्लामी परचम लेकर अकीदतमंद शामिल हुए. जगह-जगह स्वागत कर मिठाइयां बांटी गयीं.
उलमा और वक्ताओं ने पैगंबर हजरत मुहम्मद की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए अमन, मोहब्बत, दया, सौहार्द और भाईचारा मजबूत करने की अपील की. बेड़ो प्रखंड उपप्रमुख मुदस्सिर हक ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए