रांची : आठ साल में 15 मनरेगा आयुक्त बदल दिये गये हैं. अभी 16 वें मनरेगा आयुक्त के रूप में सिद्धार्थ त्रिपाठी ने कार्यभार संभाला है. इस पद पर सबसे ज्यादा समय तक अजय कुमार सिंह रहे हैं. वह करीब 18 माह तक रहे हैं. वहीं कई अफसर तो साल-साल भर में बदल दिये गये.
इस साल इस पद पर अब तक श्री त्रिपाठी तीसरे अफसर हैं. विजय कुमार सिंह के सिमडेगा डीसी बनने के बाद इसका प्रभार पारितोष उपाध्याय को दिया गया. चार-पांच माह तक वह इस पद पर रहे. अब जाकर श्री त्रिपाठी को यह पद दिया गया है. जानकारी के मुताबिक केंद्र सरकार ने वर्ष 2006 में मनरेगा की शुरुआत की. झारखंड में मार्च 2007 में मनरेगा आयुक्त की पहली पोस्टिंग हुई.
काम समझने के पहले ही हो जाता है तबादला
राज्य में मनरेगा का दुर्भाग्य है कि बार-बार आयुक्त बदल रहे हैं. जैसे ही मनरेगा आयुक्त काम समझने लगते हैं और इसका क्रियान्वयन तेज कराते हैं, उनका तबादला हो जाता है. यह सिलसिला यहां चल रहा है. इससे मनरेगा के कार्यों पर बुरा असर पड़ रहा है. पूरे राज्य में मनरेगा की स्थिति ठीक नहीं है. इसमें राज्य पिछड़ रहा है.
अब तक जो-जो अफसर रहे इस पद पर
सबसे पहले इस पद पर छह मार्च 2007 को शैलेश कुमार सिंह की पोस्टिंग हुई थी. इसके बाद भारतीय प्रशासनिक सेवा के कई अफसरों को इस पद पर पदस्थापित किया गया.
अफसर का नाम कब से कब तक
शैलेश कुमार सिंह 06.03.2007 26.11.2007
डॉ प्रदीप कुमार 02.01.2008 13.02.2008
डॉ अमिताभ कौशल 13.02.2008 07.07.2008
सत्येंद्र सिंह 26.07.2008 19.02.2009
डॉ बीके श्रीवास्तव (प्रभारी) 03.03.2009 09.04.2009
केके सोन 09.04.2009 11.08.2009
सुनील कुमार वर्णवाल 17.08.2009 14.07.2010
अजय कुमार सिंह 23.07.2010 23.01.2012
संतोष कुमार 23.01.2012 23.07.2012
अरुण 14.08.2012 04.11.2013
के श्रीनिवासन 04.11.2013 19.12.2013
राहुल शर्मा 23.12.2013 03.09.2014
राहुल कुमार पुरवार 04.09.2014 फरवरी 2015
विजय कुमार सिंह फरवरी 2015 मई 2015
पारितोष उपाध्याय मई 2015 नवंबर 2015
सिद्धार्थ त्रिपाठी नवंबर 2015 से