Advertisement
सुनिश्चित करूंगी खनिज संपदा का सही उपयोग
रायरंगपुर (ओड़िशा) से राजेश शर्मा/संजय सरदार झारखंड से सटे मयूरभंज (ओड़िशा) जिला अंतर्गत रायरंगपुर से विधायक और मंत्री रह चुकीं वरीय भाजपा नेत्री द्रौपदी मुरमू को झारखंड का नया राज्यपाल बनाये जाने से उन्हें झारखंड की प्रथम आदिवासी एवं महिला राज्यपाल बनने का गौरव प्राप्त हुआ है. वह बुधवार को आम दिनों की तरह लोगों […]
रायरंगपुर (ओड़िशा) से राजेश शर्मा/संजय सरदार
झारखंड से सटे मयूरभंज (ओड़िशा) जिला अंतर्गत रायरंगपुर से विधायक और मंत्री रह चुकीं वरीय भाजपा नेत्री द्रौपदी मुरमू को झारखंड का नया राज्यपाल बनाये जाने से उन्हें झारखंड की प्रथम आदिवासी एवं महिला राज्यपाल बनने का गौरव प्राप्त हुआ है.
वह बुधवार को आम दिनों की तरह लोगों से मिलीं, जिसके बाद सर्वप्रथम प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय गयी, जहां प्राचार्य के साथ-साथ कर्मचारियों से मिलीं.
वहां से जगन्नाथ मंदिर एवं बादामपहाड़ पूजा करने गयीं. ‘प्रभात खबर’ से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि झारखंड का राज्यपाल बनाये जाने की जानकारी उन्हें न्यूज चैनल से मिली. उन्होंने कहा कि मैंने राज्यपाल बनने के बारे में कभी सपने में भी नहीं सोचा था.
लेकिन केंद्र सरकार ने सबका साथ-सबका विकास की कहावत को चरितार्थ करते हुए एक आदिवासी महिला को राज्यपाल बनाया, जिसके लिए वह केंद्र सरकार को धन्यवाद देती हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में विकास का काम तो सरकार करती है, लेकिन कानून की रक्षा करना एवं विधि सम्मत कार्य करना राज्यपाल की जिम्मेवारी बनती है. वह कार्यपालिका, न्यायपालिका एवं विधायिका में विश्वास कर उनके सभी नियमों का पालन करेंगी एवं नियमों की रक्षा के लिए काम करेंगी.
द्रौपदी मुरमू ने कहा कि झारखंड खनिज संपदाओं से भरा राज्य है, लेकिन यहां के लोग आज भी गरीब हैं. इस मामले में वह खनिज संपदाओं के सही उपयोग एवं झारखंड के लोगों के विकास के दिशा में उचित कदम उठायेंगी, ताकि राज्य का सर्वागीण विकास हो.
उन्होंने कहा कि राज्य में आदिवासियों के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य आदि विषयों पर जो भी विधि सम्मत कार्य होगा, उसे वह करेंगी. शपथ लेने के विषय पर कहा कि अभी कोई सूचना नहीं मिली है, लेकिन वह केंद्र सरकार को धन्यवाद देंगी.
डॉ सैयद अहमद कल जायेंगे मणिपुर, आज दी जायेगी विदाई
रांची : डॉ सैयद अहमद 15 मई को मणिपुर जायेंगे. सुबह आठ बजे हवाई जहाज से कोलकाता होते हुए मणिपुर जाने की उनकी संभावना है, जहां वे नये राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे. राजभवन के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा डॉ अहमद को 14 मई की शाम को विदाई दी जायेगी.
इसी दिन होटल रेडिशन ब्लू में राज्य सरकार द्वारा भी उन्हें समारोह आयोजित कर विदाई दी जायेगी. समारोह का आयोजन शाम पांच बजे से होगा. दूसरी तरफ झारखंड की नवनियुक्त राज्यपाल द्रोपदी मुरमू के 16 या 17 मई को रांची आने की संभावना है. अगर श्रीमती मुरमू 16 मई को रांची आती हैं, तो राजभवन में 17 मई को मुख्य न्यायाधीश द्वारा उन्हें शपथ दिलायी जायेगी. अगर वे 17 को रांची आती हैं, तो 18 मई को शपथ ग्रहण समारोह होगा.
राजभवन में पोस्ट होंगी डीएसपी निशा मुरमू : सरकार ने डीएसपी निशा मुमरू को राजभवन में पदस्थापित करने का फैसला लिया है. नये राज्यपाल के रूप में द्रौपदी मुरमू का पदस्थापन होने के बाद सरकार ने महिला पुलिस अधिकारी को वहां पदस्थापित करने पर फैसला लिया.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
Advertisement