रांची : झारखंड प्रदेश लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी. इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है. 30 जून को विधानसभा मैदान में होनेवाली रैली में चिराग पासवान के समक्ष उम्मीदवारों की सूची जारी की जायेगी. पार्टी की ओर से सदस्यता अभियान चलाया जायेगा.
सभी जिला अध्यक्षों को 250 सदस्य बनाने की जिम्मेवारी सौंपी जायेगी. यह जानकारी प्रदेश अध्यक्ष बबन गुप्ता ने शनिवार को रांची में पत्रकारों को दी. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राम विलास पासवान के जन्मदिन पर पांच जुलाई को रक्त दान, चाइल्ड लेबर के खिलाफ धरना-प्रदर्शन समेत कई कार्यक्रम होंगे.
पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन : बबन गुप्ता ने बताया कि लोजपा की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है. इसमें 14 उपाध्यक्ष, एक प्रधान महासचिव, 15 महासचिव, 11 सचिव, तीन प्रवक्ता, कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी समेत 30 कार्यकारिणी सदस्यों को शामिल किया गया है.
रतन पासवान प्रधान महासचिव बनाये गये हैं. इसके अलावा 18 जिला अध्यक्ष भी मनोनीत किये गये हैं. इसमें दिनेश सोनी (रांची), राम कुमार वर्मा (बोकारो), रंजीत राम (रामगढ़), नरेश पासवान (धनबाद), ठाकुर शिवेंद्र सिंह (गोड्डा), सच्चिदानंद गांधी (कोडरमा), वासुदेव पासवान (हजारीबाग), शैलेंद्र सिंह (चतरा), धनंजय प्रसाद सिंह (पलामू), प्रभाकर सिंह (गढ़वा), गिरिधारी झा (दुमका), ललित एक्का (गुमला), आलता देवी (जामताड़ा), रंजीत कुमार सिंह (पाकुड़), सुधीर पासवान (साहेबगंज), ग्यासुद्दीन अंसारी (गिरिडीह), विक्की केशरी (सिमडेगा) और मनमोहन पासवान (देवघर) शामिल हैं.