रांची : बूटी मोड़ से लेकर कांटाटोली चौक तक कई जगह बने अवैध स्टैंड, पर प्रशासन खामोश

Updated at : 07 Feb 2019 4:18 AM (IST)
विज्ञापन
रांची : बूटी मोड़ से लेकर कांटाटोली चौक तक कई जगह बने अवैध स्टैंड, पर प्रशासन खामोश

कांटाटोली चौक की ट्रैफिक व्यवस्था चरमरायी, दिन भर लग रहता है जाम, स्कूली बसें भी फंस रहीं रांची : अगर आप किसी महत्वपूर्ण काम से कम समय में बूटी मोड़ से कांटाटोली के रास्ते रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, हाइकोर्ट, प्रोजेक्ट भवन सहित अन्य सरकारी दफ्तर व स्थानों पर जाना चाहते हैं, तो मानसिक रूप से जाम […]

विज्ञापन
कांटाटोली चौक की ट्रैफिक व्यवस्था चरमरायी, दिन भर लग रहता है जाम, स्कूली बसें भी फंस रहीं
रांची : अगर आप किसी महत्वपूर्ण काम से कम समय में बूटी मोड़ से कांटाटोली के रास्ते रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, हाइकोर्ट, प्रोजेक्ट भवन सहित अन्य सरकारी दफ्तर व स्थानों पर जाना चाहते हैं, तो मानसिक रूप से जाम में फंसने के लिए पहले से ही तैयार रहें. क्योंकि बूटी मोड़ से कांटाटोली तक ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. बुधवार को कांटाटोली चौक पर दोपहर 3:15 बजे से करीब 55 मिनट तक स्कूली बसें फंसी रहीं. दूसरे वाहनों का भी यही हाल रहा.
मंगल टावर के पास पीक आवर में पेड़ काटने का काम चल रहा था, जिसका असर भी यातायात व्यवस्था पर दिखा. इन सबके बीच कांटाटोली से काेकर जाने और फिर कांटाटोली से खादगढ़ा बस स्टैंड जानेवाले रास्ते में बन आये अवैध ऑटो स्टैंड और आॅटो चालकों की मानमानी पूरी व्यवस्था को मुंह चिढ़ा रहे थे.
पूरे घटनाक्रम के बीच इक्का-दुक्का ट्रैफिक के जवान हाथ में डंडा लिए ऑटो चालकों को सड़क से हटाते नजर आये. लेकिन, इसका असर ऑटो चालकों पर नहीं दिख रहा था. वहीं, ओवरब्रिज के लिए जगह-जगह सड़क किनारे बड़े-बड़े पाइप सड़क किनारे उतार दिये गये हैं. यह पाइप लंबे समय से सड़क किनारे पड़े हुए है. इसके वजह से भी जाम लग जाती है. इससे सड़क किनारे के दुकानदार परेशान हाेते हैं, सो अलग.
ऊपर से रसोई गैस लदा ट्रक, फ्यूल टैंकर, ट्रक पर लदा बड़ा मिक्सर मशीन के अलावा कुछ ट्रक भी दिन में कांटाटोली चौक पार करते दिखे. जबकि, पूर्व में इस तरह के वाहनों की मनाही थी. इन सबके बीच प्रशासन के स्तर पर सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं किया जाना सवाल खड़े करता है.
कोई लेन नहीं, जैसे चाहा गाड़ी खड़ी कर दी
कांटाटोली चौक के चारों ओर वाहनों का कोई लेन नहीं होना भी ट्रैफिक व्यवस्था पर भारी रहा. जिसको जहां मन कर रहा था, वह अपनी वाहन खड़ी कर रखा था. एक तरफ से चार से पांच लेन. चारों ओर जानेवाले रास्ते का आलम कुछ ऐसा ही था. एक तरफ प्रशासनिक व्यवस्था में काफी कमी देखी गयी, तो दूसरी ओर हम नहीं सुधरेंगे की तर्ज पर जल्दी निकलने के चक्कर में ट्रैफिक व्यवस्था को धवस्त कर रहे थे.
यह खुल्लम-खुला भ्रष्टाचार है, जो रोज सरेराह हो रहा है
साकेत कुमार पुरी
शहर के हर महत्वपूर्ण चौक-चौराहे पर अवैध अॉटो और वाहन स्टैंड बना दिये गये हैं. इसे जानने-देखने के लिए किसी जांच कमेटी के गठन की जरूरत नहीं है. यह खुल्लम-खुला भ्रष्टाचार का उदाहरण है.
पुलिस-प्रशासन की मिलीभगत के बिना यह संभव हो ही नहीं सकता. हर दिन लाखों रुपये का खेल हो रहा है. अवैध रूप से चल रहे अॉटो से 25,000 रुपये तक जुर्माना वसूलने का नियम बना है, पर आज तक निगम ने किसी अॉटो से जुर्माना वसूला ही नहीं. ट्रैफिक पुलिस भी आंखें बंद किये हुए है. यह सब क्यों और कैसे हो रहा है इसे समझने के लिए दिमाग लगाने की जरूरत नहीं है. अब तो चौक-चौराहों पर कैमरे भी लग गये हैं, लेकिन चमत्कार देखिए कि इन कैमरों से भी अवैध पार्किंग और अॉटोवालों की मनमानी पकड़ में नहीं आती.
मेन रोड में ई-रिक्शावालों ने गदर मचा रखा है. फुटपाथ पर ठेले-खोमचेवालों ने कब्जा जमा रखा है. हद तो यह कि सीएम आवास के पीछे भी अवैध वाहन स्टैंड बना दिया गया था. जांच में इसकी पुष्टि भी हुई, पर किसी दोषी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. सबकुछ साफ-साफ सबकी आंखों के सामने है और इसका खमियाजा शहर की जनता रोज भुगत रही है. जहां 10 मिनट में पहुंचा जा सकता है, वहां घंटे भर में भी पहुंच जायेंगे, इसकी गारंटी नहीं है.
आलम यह है कि शहर में निकलनेवाला हर आदमी जब अपने गंतव्य पर पहुंच जाता है, तो उसे कोई युद्ध विजेता होने का एहसास होता है. आगे भी कुछ होगा इसकी कोई उम्मीद नहीं है, आम आदमी बना ही है हर भ्रष्ट व्यवस्था को झेलने के लिए…सो झेलते रहिए…
बूटी मोड़, खेलगांव, दीपाटोली और कोकर चौक पर बने अवैध स्टैंड बढ़ा रहे हैं परेशानी
जगह-जगह सड़क पर बन आये अवैध स्टैंड भी जाम की एक वजह है. प्रभात खबर की टीम ने बुधवार को इसका जायजा लिया. बूटी मोड़ में सड़क पर ही बसों का जमावड़ा नजर आया. सड़क पर यात्री को उतारने और चढ़ाने की कवायद आराम से की जा रही थी. रांची से हजारीबाग जानेवाले रास्ते में आधा दर्जन से ज्यादा बसें सड़क पर खड़ी नजर आयीं.
इस वजह से बरियातू और कोकर की ओर से हजारीबाग की ओर जानेवाले लोगों को टर्निंग पर वाहन घुमाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. यहां पर ट्रैफिक पुलिस या स्थानीय थाने की ओर से यातायात व्यवस्था को प्रभावित करनेवाले वाहनों पर कोई कार्रवाई होता नहीं दिखा. सबसे मजेदार स्थिति खेलगांव चौराहे के समीप बन अाये अवैध ऑटो स्टैंड का है. यहां पर तो बाकायदा आधी सड़क पर अवैध ऑटो स्टैंड बना दिया गया है. जबकि, यहां से बड़े-बड़े वाहन गुजरते हैं.
खेलगांव स्टेडियम में जब भी कोई बड़ा सरकारी आयोजन होता है, मुख्यमंत्री सहित अन्य आलाधिकारी आते हैं, तो सड़क से अचानक ऑटो स्टैंड गायब हो जाता है. फिर कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वापस अवैध ऑटो स्टैंड लग जाता है. इस स्टैंड के कारण पूर्व में विवाद भी हो चुका है. खेलगांव चौराहा से थोड़ी दूर पर कोकर जानेवाले रास्ते में अवैध ऑटो स्टैंड बन गया है.
दीपाटोली से कोकर चौक तक फुटपाथ पर कब्जा
फुटपाथ पर फुटकर दुकानदारों का कब्जा है. दीपाटोली से सुरेंद्रनाथ सेंटनरी स्कूल तक आमलोगों के चलने के लिए बनाये गये फुटपाथ पर ठेला, खोमचा, सब्जी विक्रेता नजर आते हैं.
जो दुकान सड़क किनारे हैं, उसके सामने का फुटपाथ, तो पार्किंग स्थल बन गया है. मदन ढाबा के आगे एक जनप्रतिनिधि का मार्केट कंप्लेक्स है. इसमें दर्जनों दुकानें है. जबकि वाहन पार्किंग का कोई स्थल सामने नहीं दिखता. ऐसे में दुकानदारों के साथ ही ग्राहक भी फुटपाथ को ही पार्किंग स्थल बना लिये हैं.
कोकर चौक के समीप एक अस्पताल के दोनों छोड़ पर भी फुटपाथ को पार्किंग में तब्दील कर दिया गया है. लालपुर जानेवाले रास्ते में कोकर चौक पर ऑटो चालकों की मनमानी रोज होती है. बेतरतीब ढंग से ऑटो लगाना लोगों की परेशानी का सबब बना हुआ है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola