रांची : राजधानी की टूटी सड़कों को महीनों से मरम्मत का इंतजार

Updated at : 04 Oct 2018 5:47 AM (IST)
विज्ञापन
रांची : राजधानी की टूटी सड़कों को महीनों से मरम्मत का इंतजार

कोई देखने वाला नहीं. उबड़-खाबड़ सड़कों पर हिचकोले खा रहे लोग राहगीरों को हो रही दिक्कतें, बरसात खत्म हुई, फिर भी नहीं लगा काम दुर्गा पूजा नजदीक, सवाल कर रहे लोग : आखिर कब बनेंगी सड़कें रांची : राजधानी की कई महत्वपूर्ण सड़कें जर्जर हो चुकी हैं. रही-सही कसर बरसात ने पूरी कर दी. फिलहाल […]

विज्ञापन
कोई देखने वाला नहीं. उबड़-खाबड़ सड़कों पर हिचकोले खा रहे लोग
राहगीरों को हो रही दिक्कतें, बरसात खत्म हुई, फिर भी नहीं लगा काम
दुर्गा पूजा नजदीक, सवाल कर रहे लोग : आखिर कब बनेंगी सड़कें
रांची : राजधानी की कई महत्वपूर्ण सड़कें जर्जर हो चुकी हैं. रही-सही कसर बरसात ने पूरी कर दी. फिलहाल इन सड़कों पर लोगों के लिए चलना मुश्किल हो रहा है.
बड़े-बड़े गड्ढों की वजह से हादसे तो हो ही रहे हैं, साथ ही गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं. बरसात शुरू होने पर कहा गया कि ऐसा मेटेरियल आया है कि अब बरसात में भी सड़कों की मरम्मत करायी जा सकेगी. बारिश का मौसम खत्म होने को है, लेकिन उस तरह का मेटेरियल कहीं दिखा नहीं. इधर, राजधानी की जनता सवाल कर रही है कि दुर्गा पूजा शुरू होने को है, आखिरकार ये सड़कें कब बनेंगी? राजधानी की इन महत्वपूर्ण सड़कों को दुरुस्त क्यों नहीं किया जा रहा है?
बीते दिनों खेलगावं में लोकमंथन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. उप राष्ट्रपति वैंकया नायडू इस कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे. उनके आगमन से पूर्व बरियातू रोड की उस सड़क की मरम्मत करायी गयी, जो पहले से ही ठीकठाक थी. उप राष्ट्रपति इसी मार्ग से होकर खेलगांव स्थित आयोजन स्थल तक गये थे. सड़क में कई जगहों पर पुराने सर्फेस को पूरी तरह नया किया किया गया. राजभवन के आगे से लेकर एसएसपी आवास होते हुए करमटोली चौक के पहले तक सड़क पर पूरी तरह एक लेयर चढ़ाया गया. इस पर पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख ने बताया कि इस सड़क पर साधारण मरम्मत का काम कराया गया था, ताकि उप राष्ट्रपति के आगमन को लेकर परेशानी न हो. उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा तक अन्य सड़कों को भी दुरुस्त किया जायेगा.
रांची : दुर्गा पूजा तक नहीं बन पायेंगी शहर की सड़कें
रांची : पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख भले ही ये दावा कर लें कि शहर की सड़कें दुर्गा पूजा के पहले दुरुस्त हो जायेंगी, लेकिन इसकी संभावना कम ही दिख रही है.
क्योंकि, इसके लिए सारी प्रक्रियाएं पूरी करने और टेंडर जारी करने में विभाग ने देर कर दी है. दरअसल, करीब तीन दिन पहले ही पथ निर्माण विभाग ने शहर की 28 सड़कों की मरम्मत के लिए अति अल्पकालीन निविदा (शॉर्ट टर्म टेंडर) आमंत्रित की है. इसके तहत आठ अक्तूबर को टेंडर पेपर बेचे जायेंगे. नौ अक्तूबर को टेंडर जमा करने की तिथि तय की गयी है. निविदा खोलने की तारीख 11 अक्तूबर रखी गयी है. जाहिर है कि टेंडर फाइनल करने के बाद काम शुरू कराने में कम से कम 15 अक्तूबर गुजर जायेगा. काम पूराकरने के लिए ठेकेदारों कोएक माह का समय दिया जायेगा. तब तक दुर्गोत्सव समाप्त हो जायेगा.
बहूबाजार रोड
बहूबाजार रोड में जगह-जगह गड्ढे हो गये हैं. बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है, लेकिन इसे देखनेवाला कोई नहीं है. दो साल पहले इसे दुरुस्त किया गया था, लेकिन फिर गड्ढा हो गया है.
जेल तालाब रोड
विनोद बिहारी महतो चौक से अलबर्ट एक्का चौक की सड़क की हालत भी खस्ता है. यह सड़क तीन साल पहले बनी थी. बाद में इस पर लेयर चढ़ाया गया. फिलहाल यह सड़क जर्जर हो चुकी है.
कांके रोड-रातू रोड
एलपीएन शाहदेव चौक से दुर्गा मंदिर जानेवाली सड़क टूट चुकी है. इस पर केवल गड्ढे ही दिखते हैं. यह सड़क तीन साल पहले बनी थी. मरम्मत भी हुई, लेकिन अब यह चलने लायक नहीं है.
रातू रोड मुख्यमार्ग
ग्लैक्सिया मॉल के आगे सड़क जर्जर हो गयी है. यहां सड़क की ऊपरी परत उखड़ गयी है. सड़क को फोर लेन बनाया जायेगा है. लेकिन, संबंधित एजेंसी इसे दुरुस्त रखने पर ध्यान नहीं दे रही है.
शहीद चौक से हरमू रोड
शहीद चौक से गांधी चौक होते हुए अपर बाजार व हरमू रोड को जानेवाली सड़क भी पिछले छह माह से खस्ताहाल है. इस सड़क पर बिछाये गये छोटे-छाेटे रोड़े उखड़ने लगे हैं.
पुरुलिया रोड
शैक्षणिक संस्थान की वजह से व्यस्त रहनेवाले पुरुलिया रोड पर भी कई जगहों में गड्ढे हैं. संत लुइस स्कूल के पास सड़क जर्जर हो गयी है. इसका निर्माण भी दो साल पहले हुआ था.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola