बेरोजगार युवा डेयरी चलायें, सरकार हर मदद करने को तैयार : मुख्यमंत्री

Updated at : 01 Aug 2018 2:49 AM (IST)
विज्ञापन
बेरोजगार युवा डेयरी चलायें, सरकार हर मदद करने को तैयार : मुख्यमंत्री

मेधा डेयरी परिसर में पशु आहार संयंत्र का उदघाटन व दुग्ध उत्पाद संयंत्र का शिलान्यास रांची सहित आठ जिलों के चयनित स्कूलों में गिफ्ट मिल्क शुरू सीएम ने अधिकारियों को पशु चिकित्सा कैंप लगाने को कहा सरकार सबको नौकरी नहीं दे सकती. इसलिए गांव के बेरोजगार युवा डेयरी चलायें. सरकार उन्हें हर मदद देगी. नौजवान […]

विज्ञापन

मेधा डेयरी परिसर में पशु आहार संयंत्र का उदघाटन व दुग्ध उत्पाद संयंत्र का शिलान्यास

रांची सहित आठ जिलों के चयनित स्कूलों में गिफ्ट मिल्क शुरू
सीएम ने अधिकारियों को पशु चिकित्सा कैंप लगाने को कहा
सरकार सबको नौकरी नहीं दे सकती. इसलिए गांव के बेरोजगार युवा डेयरी चलायें. सरकार उन्हें हर मदद देगी. नौजवान इस पर विचार करें. ये बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को होटवार स्थित मेधा डेयरी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कही. मुख्यमंत्री यहां पशु आहार संयंत्र का उदघाटन और दुग्ध उत्पाद संयंत्र का शिलान्यास करने पहुंचे थे.
रांची : मेधा डेयरी के पशु आहार संयंत्र का उदघाटन और दुग्ध उत्पाद संयंत्र का शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास ने खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत स्टेडियम में लोगों को संबोधित किया. श्री दास ने कहा कि हम नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (एनडीडीबी) के सहयोग से राज्य में श्वेत क्रांति लायेंगे. कहा कि आज भी झारखंड में दूसरे राज्यों से सालाना करीब 400 करोड़ रुपये का दूध आ रहा है. यह दूध हमारे राज्य में ही उपलब्ध हो जाये, तो इतनी बड़ी रकम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी.
कार्यक्रम को कृषि, पशुपालन व सहकारिता मंत्री रणधीर सिंह ने भी संबोधित किया. कहा कि देश में दूध उत्पादन की वार्षिक वृद्धि दर तीन फीसदी है, लेकिन झारखंड में गत तीन वर्षों के दौरान यह दर छह फीसदी रही है. पूर्व के 47 लाख लीटर प्रति दिन के मुकाबले अाज हर रोज 57 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है. मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने होटवार डेयरी प्लांट की क्षमता एक लाख से बढ़ा कर 2.5 लाख लीटर करने तथा एनडीडीबी के साथ समझौते को मार्च 2019 के बाद अौर पांच वर्ष बढ़ाने पर सहमति दे दी है. उन्होंने कहा कि मेधा डेयरी के होटवार परिसर में आइसक्रीम व बटर प्लांट तथा देवघर में मिल्क पावडर प्लांट लगाने का भी प्रस्ताव है.
झारखंड में तेजी से हो रहा डेयरी का विकास
एनडीडीबी के अध्यक्ष दिलीप रथ ने बताया कि 2014 में राज्य सरकार से एमअोयू होने के बाद झारखंड में डेयरी का विकास तेजी से हो रहा है. विभागीय सचिव पूजा सिंघल ने कहा कि मेधा भी दुग्ध उत्पादों के अन्य मशहूर ब्रांड की तरह बाजार में टेट्रा पैक लायेगा. इस पर कार्य जारी है. झारखंड मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष संग्राम चौधरी ने बताया कि भारत गत 15 वर्षों से दुनिया का सर्वाधिक दूध उत्पादन करने वाला देश बना हुआ है. अॉपरेशन फ्लड का लाभ अब बिहार, यूपी व झारखंड को भी मिल रहा है. झारखंड के 20 हजार पशुपालकों को हम हर माह 10 करोड़ रुपये का भुगतान करते हैं. कार्यक्रम में मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजय वर्गीय व विधायक डॉ जीतू चरण राम सहित पशुपालक व मेधा डेयरी कर्मी उपस्थित थे.
पशु अाहार संयंत्र की क्षमता 50 मिट्रिक टन
राज्य को हर रोज 200 मिट्रिक टन (एमटी) पशु चारा की जरूरत है. वहीं, जिस पशु आहार संयंत्र का उदघाटन सीएम ने किया है, वह प्रतिदिन 50 एमटी क्षमता का है. इस तरह इससे राज्य की 25 फीसदी जरूरत पूरी हो जायेगी. विभाग देवघर व हजारीबाग में भी 50-50 एमटी प्रतिदिन उत्पादन वाला संयंत्र इसी वित्तीय वर्ष में बनायेगा. वहीं, जिस दुग्ध उत्पाद संयंत्र का शिलान्यास किया गया, वहां प्रति दिन तीन हजार कप दही तथा पांच हजार पैक लस्सी तथा पनीर का उत्पादन होगा.
अब कृषि व वानिकी संबंधी ग्लोबल समिट
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग के बाद अब राज्य में इसी जगह (हरिवंश टाना भगत स्टेडियम, खेलगांव में) कृषि व वानिकी संबंधी ग्लोबल समिट भी होगा. मुख्यमंत्री ने आठ जिलों रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, लातेहार, खूंटी, रामगढ़ व हजारीबाग में भी सरकारी स्कूली बच्चों के लिए गिफ्ट मिल्क स्कीम की शुरुआत की.
गाय-भैंस फार्म का शिलान्यास
मुुख्यमंत्री ने मेधा डेयरी प्लांट परिसर में देसी नस्ल की गायों (गिर व राठी) तथा मेहसानी भैंस के प्रदर्शनी फार्म (डेमोन्सट्रेशन फार्म) का भी शिलान्यास किया. ज्यादा दूध उत्पादन कर संघ को मुहैया कराने वाले पशुपालकों को डेढ़ करोड़ रुपये बोनस मिलना है. कार्यक्रम के दौरान सीएम ने ऐसे कुछ किसानों को सिंबोलिक रूप से चेक वितरण किया.
किसानों ने सुनाये अनुभव
कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील पशुपालकों ने अपने अनुभव साझा किये. इनमें लातेहार के राजेंद्र यादव, रांची के जयप्रकाश तथा लोहरदगा की साफिया खातून शामिल हैं. इन्होंने बताया कि पशुपालन से ये अपने परिवार बेहतर तरीके से चला रहे हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola