Advertisement
117वें रैंक से सीधे 21वें रैंक पर पहुंची रांची
4000 अंकों के हुए स्वच्छ सर्वेक्षण में राजधानी को 3146 अंक मिले रांची : स्वच्छ सर्वेक्षण-2018 में देश के 100 सबसे स्वच्छ शहरों (एक लाख से अधिक आबादी वाले शहर) में राजधानी रांची को 21वां स्थान मिला है. पिछले साल रांची 117वें स्थान पर थी. इस साल फरवरी में 4000 अंकों के लिए हुए स्वच्छ […]
रांची : स्वच्छ सर्वेक्षण-2018 में देश के 100 सबसे स्वच्छ शहरों (एक लाख से अधिक आबादी वाले शहर) में राजधानी रांची को 21वां स्थान मिला है. पिछले साल रांची 117वें स्थान पर थी. इस साल फरवरी में 4000 अंकों के लिए हुए स्वच्छ सर्वेक्षण में रांची को कुल 3146 अंक मिले. इसमें 1400 अंकों के लिए हुए सिटीजन फीडबैक एवं स्वच्छता एेप के इस्तेमाल पर रांची को 1225 अंक मिले हैं. वहीं ऑब्जर्वर द्वारा किये गये निरीक्षण में 1200 में से 1169 अंक मिले हैं. काम में हुए सुधार (सर्विस लेवल प्रोग्रेस) में रांची को 1400 में 752 अंक मिले हैं.
रात में शुरू हुआ विशेष सफाई अभियान : साल 2017 की तुलना में अब राजधानी रांची की सफाई व्यवस्था काफी सुधरी है. इसका मुख्य कारण नगर निगम द्वारा शुरू किया गया रात्रि सफाई अभियान है. रात में सड़कों की सफाई करने का एक फायदा यह हुआ कि इस समय तक दुकानें बंद होने के अलावा सड़काें पर वाहन भी कम चलते हैं. इससे सफाई करने में कर्मचारियों को सुविधा होती है. नगर निगम के इस अभियान का असर यह हुआ कि जब लोग सुबह में उठते, तो उन्हें सड़क एक दम साफ सुथरी मिलती. इसके अलावा दिन के बजाय सुबह में सड़कों पर झाड़ू लगायी जाने लगी.
रांची ऐसे पहुंची 21वें स्थान पर : साल 2017 में 443 शहरों के बीच स्वच्छ सर्वेक्षण हुआ था. इसमें रांची को 117वां स्थान मिला था, जबकि झारखंड के शहर चास को 41वां स्थान मिला था. शहर खुले में शौच से मुक्त नहीं होने के कारण रांची इसमें पिछड़ गयी थी. वहीं अक्तूबर 2017 में रांची नगर निगम ने खुद को ओडीएफ घोषित कर लिया. साथ ही राजधानी में एक साल के अंदर 84 स्थानों पर मॉड्यूलर टॉयलेट बनाये गये. 126 सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत करायी गयी और इन सभी शौचालयों की जीओ टैगिंग करायी गयी. इससे यह फायदा हुआ कि लोग एेप के माध्यम से यह जानकारी प्राप्त कर सकते हैं कि शहर में कहां-कहां सार्वजनिक शौचालय है. शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में निगम ने सब्जी मार्केट, होटलों, लॉज, बैंक्वेट हॉल और निगम पार्कों में खाद बनाने के लिए बायो कम्पोस्ट लगवाये. इससे इन स्थानों से निकलने वाले कूड़े वहीं पर खाद में परिवर्तित होने लगे.
” रांची स्वच्छता में पूरे देश में 21वें नंबर पर आयी है. यह पूरे शहरवासियों के लिए गौरव की बात है. जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व रांची की जनता के अथक प्रयास व सहयोग से यह संभव हो पाया है. सरकार का भी पूरा सहयोग रांची नगर निगम काे मिला. इसके लिए मुख्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री को बधाई भी देता हूं.”
संजीव विजयवर्गीय, उप महापौर
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
Advertisement