2 लाख दो, नहीं तो गोली मार देंगे! चुटिया में युवक को फोन पर धमकी का मामला दर्ज
चुटिया थाना रांची
रांची में एक युवक को फोन कर दो लाख रुपये रंगदारी मांगने और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी गई है. यह घटना चुटिया थाना क्षेत्र में हुई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट
रांची. चुटिया थाना क्षेत्र के पक्का कुआं, मिडिल चुटिया निवासी विक्रम कुमार साहू (27) को फोन कर जान से मारने की धमकी देने और दो लाख रुपये रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. विक्रम साहू ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
अज्ञात नंबर से आया फोन, नामकुम में दर्ज केस का दिया हवाला
प्राथमिकी के अनुसार, विक्रम के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया. फोन करने वाले ने अपना नाम शुभम तिवारी बताया. आरोप है कि उसने कुछ दिन पहले नामकुम से गायें पकड़े जाने की घटना का जिक्र करते हुए विक्रम पर उनके काम में बाधा डालने का आरोप लगाया.
शिकायत के अनुसार, फोन करने वाले ने धमकी देते हुए कहा कि अगली बार गाय ले जायेंगे और रोकने की कोशिश करने पर गोली मार देंगे. इसके बाद गाली-गलौज करते हुए नामकुम थाना में दर्ज केस के एवज में दो लाख रुपये देने की मांग की गयी. रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है.
दोबारा फोन कर धमकी देने का आरोप
विक्रम ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने इसके बाद दोबारा फोन कर धमकी दी. शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया है कि शुभम तिवारी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया है. यह शिकायतकर्ता की ओर से लगाया गया आरोप है, जिसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
घटना के बाद विक्रम और उसका परिवार डरा हुआ है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए