अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की मासिक गोष्ठी, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

Updated:
विज्ञापन

एसपी कार्यालय रामगढ के सभागार में पुलिस अधीक्षक की मुकेश कुमार लुणायत की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठीशामिल पुलिस पदाधिकारी व प्रभारी. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने मासिक अपराध गोष्ठी में दुष्कर्म और पोक्सो मामलों को 60 दिनों के भीतर निपटाने का कड़ा निर्देश दिया है।

विज्ञापन

रामगढ़: एसपी कार्यालय रामगढ़ के सभागार में शनिवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी हुई. बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, अनुसंधान एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गयी. एसपी ने थाना व ओपीवार लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए कांडों के उद्भेदन, अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं निष्पादन को लेकर आवश्यक निर्देश दिये.

विज्ञापन

अगस्त 2026 में प्रतिवेदित एवं निष्पादित विशेष व अविशेष कांडों की समीक्षा करते हुए एसपी ने सितंबर में प्रतिवेदित कांडों से अधिक मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया. दुष्कर्म एवं पोक्सो एक्ट से संबंधित कांडों का 60 दिनों के अंदर निष्पादन करने को कहा. पासपोर्ट सत्यापन पांच दिनों में पूरा करने तथा डायल 112 से प्राप्त शिकायतों पर संबंधित पदाधिकारी को नौ मिनट के अंदर रिस्पॉन्ड करने का निर्देश दिया गया.

एसपी ने पॉकेट पेंडिंग कांडों में आरोप पत्र समर्पित करने तथा पांच, तीन एवं दो वर्षों से लंबित कांडों की कारण सहित अलग-अलग सूची तैयार कर शीघ्र निष्पादन करने को कहा. संगठित आपराधिक गिरोहों की विवरणी तैयार करने, जेल से बाहर आये अभियुक्तों का सत्यापन करने एवं आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया गया. गैर-तामिला वारंट, स्थायी वारंट एवं फरारियों की अद्यतन सूची तैयार कर योजनाबद्ध कार्रवाई करने को कहा गया. वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की के निष्पादन की भी समीक्षा की गयी.

बैठक में ई-साक्ष्य के तहत सीसीटीएनएस में रियल टाइम, लाइव, कंप्लीट एवं क्वालिटी डाटा एंट्री, ई-साक्ष्य एप के उपयोग तथा सात वर्ष से अधिक सजा वाले कांडों में फोरेंसिक टीम से साक्ष्य संकलन एवं वैज्ञानिक अनुसंधान की स्थिति की समीक्षा की गयी. 60 व 90 दिनों के भीतर कांडों के निष्पादन पर भी चर्चा हुई. एसपी ने अवैध खनन की रोकथाम एवं शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ छापामारी करने का निर्देश दिया. आगामी गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा एवं करमा पूजा को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.

पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं

मासिक अपराध गोष्ठी के बाद पुलिस सभा का आयोजन किया गया. एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए संबंधित शाखा एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. सभा में पुलिस एसोसिएशन, पुलिस मेंस एसोसिएशन, आरक्षी एवं चतुर्थवर्गीय कर्मी सहित पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे. बैठक में एसडीपीओ पतरातू राधवेंद्र शर्मा, एसडीपीओ रामगढ़ आलोक रंजन, सभी अंचल निरीक्षक, थाना व ओपी प्रभारी तथा शाखा प्रभारी मौजूद थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola