करोड़ों से बना डेली मार्केट बदहाल, सुविधाओं के अभाव में दुकान लगाने से कतरा रहे दुकानदार

Updated:
विज्ञापन

डेली मार्केट भवन | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

कुजू में करोड़ों की लागत से बना डेली मार्केट सुविधाओं के अभाव में बदहाल है। ग्राहक न आने से दुकानदार सड़क किनारे दुकान लगाने को मजबूर हैं। जानें पूरी खबर।

विज्ञापन

कुजू, रामगढ़: नया बाजार टांड़ में करोड़ों रुपये की लागत से बनाया गया डेली मार्केट शेड इन दिनों प्रशासनिक उदासीनता और योजना की खामियों के कारण अपने उद्देश्य से भटकता नजर आ रहा है. स्थानीय सब्जी विक्रेताओं और छोटे दुकानदारों को व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराने तथा मुख्य सड़क (एनएच-33) पर अतिक्रमण और जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से इसका निर्माण कराया गया था. लेकिन अब तक यह योजना प्रभावी रूप से लागू नहीं हो सकी है.

विज्ञापन

मार्केट शेड में पर्याप्त संख्या में दुकाननुमा स्थान बनाये गये हैं, लेकिन बिजली, पानी, शौचालय, जल निकासी, साफ-सफाई और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में अधिकतर दुकानदार यहां दुकान लगाने से परहेज कर रहे हैं.

ग्राहकों की आवाजाही कम होने से बिक्री पर असर

दुकानदारों का कहना है कि नया बाजार टांड़ मुख्य सड़क से कुछ अंदर होने के कारण यहां ग्राहकों की आवाजाही कम रहती है. अधिकतर लोग मुख्य सड़क के किनारे ही खरीदारी कर लौट जाते हैं. ऐसे में अंदर बने शेड में दुकान लगाने पर बिक्री प्रभावित होने की आशंका रहती है. यही कारण है कि कई दुकानदार सड़क किनारे दुकान लगाना अधिक सुविधाजनक समझते हैं.

अतिक्रमण हटाना बनी चुनौती

डेली मार्केट को व्यवस्थित रूप से संचालित करने में मुख्य सड़क और एनएच-33 के किनारे होने वाला अतिक्रमण बड़ी चुनौती बना हुआ है. स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रशासन समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाता है, लेकिन स्थायी निगरानी और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से कुछ दिनों बाद फिर सड़क किनारे दुकानें सज जाती हैं. इससे जाम के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है.

क्या कहती हैं जिला पार्षद

मांडू भाग संख्या तीन की जिला परिषद सदस्य दयामंति देवी ने कहा कि नया बाजार टांड़ में बने डेली मार्केट को चालू कराने को लेकर कई बार डीडीसी को आवेदन दिया गया है. अभी तक इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई है. जानकारी मिली है कि डेली मार्केट को लेकर किसी व्यक्ति द्वारा मामला दर्ज कराया गया है. इसके कारण भी बाजार शुरू होने में देरी हो रही है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाजार परिसर की मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त कराने, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और मुख्य सड़क से अतिक्रमण हटाकर दुकानदारों को डेली मार्केट में व्यवस्थित रूप से बसाने की मांग की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola