25 वर्षों की जनसेवा और सुशासन को लेकर भाजपा चलायेगी सेवा संकल्प अभियान
रामगढ़ में प्रेस वार्ता को संबोधित करते भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद व अन्य. | Prabhat Khabar Network
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सुशासन को लेकर भाजपा 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। जानें इस अभियान के तहत होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी।
रामगढ़: भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ जिला के तत्वावधान में रविवार को होटल ला मैरिटल के सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की गयी. इसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद मुख्य रूप से मौजूद थे. उन्होंने बताया कि सात अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं. इसे लेकर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प से जन सेवा, प्रभु सेवा अभियान चलायेगी.
राकेश प्रसाद ने बताया कि अभियान के तहत 17 सितंबर को शाम सात बजे प्रत्येक घर, विशेष रूप से केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीप जलाये जायेंगे. रक्तदान शिविर भी आयोजित होंगे. 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक सरकारी व निजी स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा के तहत चित्रकारी व भाषण प्रतियोगिताएं होंगी. ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत 30 मिनट की नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाया जायेगा.
विभिन्न कार्यक्रमों का होगा आयोजन
उन्होंने बताया कि 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सार्वजनिक अभिनंदन किया जायेगा. ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत मोदी सरकार की योजनाओं से आये बदलावों पर एक मिनट की रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा की जायेगी. दो अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जायेगी.
वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा के तहत 10-10 टोलियां वडनगर और वाराणसी के बीच यात्रा कर पवित्र नदियों के जल से हाटकेश्वर महादेव और काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगी. विधानसभा और प्रखंड स्तर पर सेवा सेतु अभियान के तहत शिविर लगाकर नागरिकों को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जायेगा. प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत का संदेश दिया जायेगा.
उन्होंने बताया कि सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के माध्यम से युवा इनोवेटर्स को जोड़कर क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य किया जायेगा. 25 सितंबर को पं दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर प्रत्येक जिला कार्यालय में पुस्तकालय का उद्घाटन होगा. वहीं दो अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर स्वच्छता अभियान और खादी प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, जिला महामंत्री सह कार्यक्रम संयोजक राजू चतुर्वेदी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ संजय प्रसाद सिंह, जिला मीडिया प्रभारी राजीव पामदत्त, सह प्रभारी भीमसेन चौहान तथा सोशल मीडिया सह प्रभारी सह भदानी नगर अध्यक्ष शौर्य प्रसाद कुशवाहा मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए