झारखंड कंस्ट्रक्शन एंड स्टील फैक्ट्री में अपराधियों का धावा, दहशत – गार्ड को बंधक बना कर दिया घटना को अंजाम
Author Prabhat khabar digital desk
Updated:
विज्ञापन

पतरातू : पतरातू थाना अंतर्गत कोतो पंचायत के अंबाटोला डाड़ीडीह स्थित झारखंड कंस्ट्रक्शन एंड स्टील फैक्ट्री में शनिवार की रात हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोला. अपराधियों ने हथियार के बल पर गार्ड को बंधक बनाया. इसके बाद फैक्ट्री मालिक सोनू खान के भाई एकलाखुल रहमान को कंबल में लपेट कर जला कर मारने का प्रयास […]
विज्ञापन
पतरातू : पतरातू थाना अंतर्गत कोतो पंचायत के अंबाटोला डाड़ीडीह स्थित झारखंड कंस्ट्रक्शन एंड स्टील फैक्ट्री में शनिवार की रात हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोला. अपराधियों ने हथियार के बल पर गार्ड को बंधक बनाया. इसके बाद फैक्ट्री मालिक सोनू खान के भाई एकलाखुल रहमान को कंबल में लपेट कर जला कर मारने का प्रयास किया.
उसने भाग कर अपनी जान बचायी. इसके बाद अपराधियों ने फैक्ट्री में तोड़फोड़ की. गाड़ियों में आग लगा दी. सामान को तहस-नहस कर दिया. अपराधियों ने फायरिंग भी की. वहीं, पतरातू एसडीपीअो ने घटना की जानकारी लेने के बाद कहा कि घटना को अंजाम देनेवालों को छोड़ा नहीं जायेगा.
आदेश को नजरअंदाज करने पर दिया घटना को अंजाम: बताया जाता है कि अपराधी रियाज एंड कंपनी का उक्त फैक्ट्री क्षेत्र में आना- जाना है. रियाज अंसारी को भय था कि उसकी गतिविधियां फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी में कैद होती है. उसने फैक्ट्री मालिक को सीसीटीवी कैमरा हटाने का आदेश दिया था. आदेश को नजरअंदाज करने पर रियाज अंसारी ने घटना को अंजाम दिया.
फैक्ट्री मालिक सोनू खान ने थाने में दिये आवेदन में भी इसका जिक्र किया है. पुलिस को बताया कि घटना के दौरान अपराधी रियाज ने कहा कि बार-बार कहने पर भी कैमरा नहीं हटाया. पैसे मांगने पर भी नहीं देता है. अपराधी रियाज ने सोनू खान को वहां से फैक्ट्री हटाने की धमकी भी दी.
दो जिलों के लिए सरदर्द बना है रियाज: सुशील श्रीवास्तव गैंग का अपराधी रियाज अंसारी रामगढ़ व हजारीबाग पुलिस के लिए सरदर्द बना हुआ है. दोनों जिलों की पुलिस उसे खोज रही है, लेकिन पुलिस उसे पकड़ने में कामयाब नहीं रही है. रियाज अंसारी की कई घटनाओं में संलिप्तता आ रही है. ज्ञात हो कि संजीव सिंह बघेल हत्याकांड में भी पुलिस को रियाज अंसारी की तलाश है.
घटना की कहानी फैक्ट्री मालिक की जुबानी
झारखंड कंस्ट्रक्शन एंड स्टील फैक्ट्री के मालिक सोनू खान ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात करीब पौने ग्यारह बजे हथियारबंद अपराधियों ने गार्ड को फैक्ट्री का गेट खोलने को कहा. गेट नहीं खोलने पर फैक्ट्री की दीवार फांद कर करीब दर्जन भर हथियारबंद अपराधी अंदर घुस गये.
इसके बाद गार्ड विमल राम को हथियार के बल पर कब्जे में ले लिया और मारपीट की. फैक्ट्री मालिक सोनू खान के छोटे भाई एकलाखुल रहमान के साथ मारपीट की. इसके बाद, सोनू खान व एकलाखुल रहमान के हाथ -पैर बांध दिये.
फैक्ट्री के अॉफिस में एकलाखुल रहमान को कंबल में लपेट कर आग लगा कर ऑफिस को बाहर से बंद कर दिया. एकलाखुल रहमान ऑफिस के शीशे की खिड़की तोड़ कर बाहर निकला. भागने के दाैरान अपराधी रियाज अंसारी ने पिस्टल के बट से मार कर घायल कर दिया.
इस दौरान फैक्ट्री में खड़ी अल्टो कार (जेएच 01डीजी 0927) व ट्रैक्टर (जेएच08एफ 0652) में पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी. कंप्यूटर, टेलीविजन, प्रिंटर समेत अन्य सामान को तोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया. अपराधियों ने एकलाखुल रहमान से 20 हजार रुपये भी छीन लिये. करीब एक घंटे तक उत्पात मचाने के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए भाग गये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










