कभी लूट और हादसों का खौफ, अब खूबसूरती का आकर्षण बनी पलामू की सुल्तानी घाटी
सुल्तानी घाटी की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
पलामू की सुल्तानी घाटी कभी अपने खौफ के लिए जानी जाती थी, लेकिन अब अपनी प्राकृतिक सुंदरता से पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। जानिए इसकी पूरी कहानी।
निखिल सिन्हा की रिपोर्ट पलामू . जिले के छतरपुर प्रखंड के एनएच 98 स्थित सुल्तानी घाटी का नाम सुनते ही लोगों के दिलो में भय व आतंक की तस्वीर उभर आती थी. सुनसान व घुमावदार रास्तों के कारण लोग यहां से गुजरने में भी आशंकित रहते थे. सड़क बनने के पूर्व घाटी में चढ़ाव होने के कारण गाड़ियां अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाती थी. गहरी खाईं में वाहन गिरने से कई लोग मौत के मुंह में समा गये. अनगिनत लोग हाथ, पैर व शरीर के कई अंग गंवा बैठे हैं. वहीं घाटी में सड़क लुटेरो का भी आतंक रहता था. शाम ढलते ही लुटेरे सड़क अवरुद्ध कर डकैती की घटना को अंजाम देते थे. छतरपुर व हरिहरगंज पुलिस के द्वारा रात के समय दोनों तरफ के आने जाने वाहनों की घंटो रोक कर एक साथ पुलिस बल की तैनाती में सभी वाहनों को घाटी पार कराया जाता था.
आपके शहर में
समय बदला तो घाटी की तस्वीर भी बदलने लगी
आज यही सुल्तानी घाटी अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र बनती जा रही है. घाटी के चारों ओर फैली हरियाली, पहाड़ों की खूबसूरत श्रृंखला व बारिश के मौसम में जगह-जगह बहते छोटे जलस्रोत इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं. मानसून के दौरान यहां का नजारा और भी मनमोहक हो जाता है. इस सड़क से गुजरने वाले लोग अक्सर कुछ पल रुककर प्राकृतिक दृश्य का आनंद लेते व मोबाइल व कैमरे में तस्वीरें कैद करते नजर आते हैं.
शाम के बाद मार्ग से गुजरने में हिचकते थे लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले तक सुल्तानी घाटी को लेकर लोगों में डर का माहौल रहता था. शाम के बाद इस मार्ग से गुजरने में लोग हिचकते थे. लेकिन सड़क फोरलेन निर्माण के बाद रास्ता सुगम हो गया. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में सुधार और क्षेत्र में बदले माहौल के कारण अब लोगों का आवागमन बढ़ा है.
ये भी पढ़ें: झारखंड में विलुप्ति के कगार पर बाइसन: बेतला के जंगलों में 68 बाइसन अपने अस्तित्व को बचाने के लिए कर रहे है संघर्ष
पर्यटन की बन सकती है बेहतर संभावना
प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर सुल्तानी घाटी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की भी अच्छी संभावना है. यदि यहां सड़क किनारे सुरक्षित व्यू प्वाइंट, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएं तो यह क्षेत्र स्थानीय पर्यटकों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले लोगों को भी आकर्षित कर सकता है.
ये भी पढ़ें: औरंगाबाद से झारखंड पिकनिक मनाने गए युवकों में दूसरे का शव बरामद, नदी में डूबे अन्य युवकों की तलाश जारी
अब भय के बजाय प्राकृतिक सुंदरता
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुल्तानी घाटी की पहचान अब भय के बजाय प्राकृतिक सुंदरता और बदलते माहौल के रूप में होनी चाहिए. प्रशासन की ओर से पहल होने पर यह इलाका पलामू के प्रमुख प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में अपनी जगह बना सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए