पाटन की साढ़े 6 किमी सड़क गड्ढे में तब्दील; PMGSY रोड पर एक फीट पानी, डूब रहे गाड़ी के पहिए
सड़क पर बने गड्ढों में जमा बारिश का पानी | Prabhat Khabar Network
पलामू के पाटन में किसैनी से हरैया तक की सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। जलजमाव के कारण राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रामनरेश तिवारी की रिपोर्ट
आपके शहर में
पाटन (पलामू). पाटन-नावाजयपुर-पदमा पीडब्ल्यूडी मुख्य सड़क से किसैनी होते हुए हरैयाखुर्द सिवाना तक जाने वाली करीब साढ़े छह किलोमीटर लंबी सड़क की स्थिति काफी खराब हो गयी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. बारिश के बाद इन गड्ढों में एक फीट से अधिक पानी जमा हो गया है. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है.
गड्ढों में डूब रहे गाड़ी के पहिए
मुख्य सड़क से हरैयाखुर्द सिवाना तक कई जगह सड़क पर इतने बड़े गड्ढे बन गये हैं कि उनमें वाहनों के पहिए तक डूब जा रहे हैं. जलजमाव के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है.इससे दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण कई दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं.
2007-08 में बनी थी सड़क
ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क का निर्माण वर्ष 2007-08 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत कराया गया था. उस समय तत्कालीन विधायक और वर्तमान में राज्य के वित्त सह संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर के प्रयास से सड़क का निर्माण हुआ था. निर्माण के करीब डेढ़ दशक बाद सड़क की स्थिति पूरी तरह खराब हो गयी है. अब हालत यह है कि वाहनों की आवाजाही तो दूर, लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
ये भी पढ़ें: पलामू: 17 साल देश सेवा, फिर कारगिल में शहादत - 27 साल बाद पैतृक गांव तुकबेरा में लगी शहीद प्रबोध महतो की प्रतिमा
जलजमाव से बढ़ी बच्चों की परेशानी
सड़क पर जलजमाव के कारण ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों की परेशानी भी बढ़ गयी है. ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क और गड्ढों में जमा पानी के कारण कई बच्चे स्कूल जाने से भी कतराने लगे हैं. गुरुवार को एक ऑटो गड्ढे में फंस गया था. बाद में ग्रामीणों ने धक्का देकर ऑटो को बाहर निकाला. ग्रामीणों के मुताबिक, जलजमाव वाले गड्ढों के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं.
ये भी पढ़ें: कौन थे सुदिव्य कुमार सोनू? चुनाव से लेकर छात्र आंदोलन तक, हर मोर्चे पर JMM के लिए बने 'संकटमोचक'
जल्द सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने वित्त सह संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर और पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि मंत्री की पहल से सड़क की समस्या का जल्द समाधान होगा. मौके पर विनोद सिंह, लवकुमार सिंह, पवन सिंह, चंदन सिंह, राणा सिंह, छोटू सिंह, सूचित पाल, अवधेश पाल, संजय सिंह, कामेश सिंह, कमेश उरांव समेत कई ग्रामीण मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए