साइकिल के पहियों पर फिटनेस का संदेश, पाकुड़ में ‘स्पेशल संडे’ के साथ खेल समारोह का समापन
प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित | Prabhat Khabar Network
राष्ट्रीय खेल दिवस पर पाकुड़ में साइकिलिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन. फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश. विजेताओं को सम्मान.
पाकुड़ : राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर जिले में आयोजित तीन दिवसीय खेल समारोह का रविवार को ‘स्पेशल संडे-साइकिल एडिशन’ के साथ समापन हुआ. ‘फॉर स्टे एक्टिव’ थीम पर आयोजित साइकिलिंग गतिविधि में डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं सहित विभिन्न वर्गों के खिलाड़ियों और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. खिलाड़ियों ने साइकिलिंग के माध्यम से नियमित व्यायाम, फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया.
आपके शहर में

साइकिलिंग में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, विजेताओं को मिला सम्मान
साइकिलिंग प्रतियोगिता के बालक अंडर-14 वर्ग में विवेक दास प्रथम, रौशन कुमार भगत द्वितीय और सुदीप दास तृतीय रहे. बालिका अंडर-14 वर्ग में सुधा कुमारी पासवान ने पहला, रेयाक्षा प्रवीण ने दूसरा और कल्याणी सरकार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. वहीं सीनियर पुरुष वर्ग में समीर अंसारी प्रथम, नज़मी शेख द्वितीय और बिकास साहा तृतीय रहे. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया.
खेलकर्मियों और खिलाड़ियों की रही मौजूदगी
मौके पर उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेंदु गांगुली, जिला साइकिलिंग संघ के सचिव रणवीर सिंह, प्रशिक्षक अक्षय बाउरी, संजय भगत सहित खेलकर्मी और खिलाड़ी मौजूद थे.
‘प्रतिदिन एक घंटा शारीरिक गतिविधि के लिए निकालें युवा’
उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है. नियमित खेलकूद से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक मजबूती, अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ता है. राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना है. सभी युवा प्रतिदिन कम से कम एक घंटा शारीरिक गतिविधि के लिए जरूर निकालें.
साइकिलिंग से फिटनेस के साथ विकसित होती है नियमित व्यायाम की आदत
जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि साइकिलिंग जैसी गतिविधियां युवाओं को फिट रखने के साथ उनमें नियमित व्यायाम की आदत विकसित करती हैं. राष्ट्रीय खेल दिवस के तीन दिवसीय आयोजन में खिलाड़ियों ने उत्साह से भाग लिया. हमारा प्रयास है कि जिले में खेल गतिविधियों को लगातार बढ़ावा मिले और अधिक से अधिक बच्चे एवं युवा खेलों से जुड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं.
‘एक घंटा खेल के मैदान में’ का दिया संदेश
प्रशिक्षकों ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता और पदक तक सीमित नहीं है. नियमित शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच, अनुशासन और आत्मविश्वास के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. समारोह के तीन दिनों में विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को खेल से जोड़ने तथा ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ का संदेश दिया गया. ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए