सीओ के खिलाफ शहर में पोस्टरबाजी, जांच में जुटी पुलिस
वॉल पर लगा पोस्टर । Prabhat Khabar Network
पाकुड़ सीओ पर म्यूटेशन, एलपीसी, जाति प्रमाण पत्र के नाम पर पैसे मांगने का आरोप. शहर में पोस्टर लगे, पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही.
म्यूटेशन, एलपीसी और जाति प्रमाण पत्र के नाम पर पैसे मांगने का आरोप, नगर थाना में दिया आवेदन
पाकुड़ अंचल के सीओ कुमार अरविंद बेदिया के खिलाफ सोमवार को शहर में पोस्टरबाजी का मामला सामने आया. गांधी चौक स्थित पानी टंकी समेत शहर के अन्य स्थानों पर सीओ के खिलाफ पोस्टर लगाए गए. पोस्टरबाजी की सूचना मिलते ही शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया. हालांकि कुछ देर बाद गांधी चौक स्थित पानी टंकी पर लगा पोस्टर हटा दिया गया.
आपके शहर में
पोस्टर में लगाए गए गंभीर आरोप
शहर में लगाए गए पोस्टर में सीओ पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पोस्टर में लिखा गया है कि सीओ गार्ड की बात पर चलना बंद करो. इसके अलावा हर म्यूटेशन, हर एलपीसी और हर जाति प्रमाण पत्र के लिए पैसे मांगने का आरोप लगाया गया है. हालांकि पोस्टर में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामला वरीय पदाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. नगर थाना की पुलिस शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्टर किसने लगाया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं. मामले को लेकर नगर थाना में शिकायत भी की गई है.
अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी की तैयारी
सीओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मामले में कार्रवाई के लिए नगर थाना में आवेदन दिया गया है. पाकुड़ सीओ कुमार अरविंद बेदिया ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है. नगर थाना में शिकायत की गई है. कार्रवाई के लिए आवेदन दिया गया है. अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.
वहीं, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस अग्रेतर कार्रवाई कर रही है. पोस्टर लगाने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए