पाकुड़ में डे बोर्डिंग-1 का दमदार खेल, 2-1 से जीतकर वॉलीबॉल का खिताब किया अपने नाम
विजेता टीम को सम्मानित करते जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार, नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा व अन्य | Prabhat Khabar Network
राष्ट्रीय खेल दिवस पर पाकुड़ में वॉलीबॉल प्रतियोगिता. डे बोर्डिंग-1 ने डे बोर्डिंग-2 को 2-1 से हराकर खिताब जीता. खिलाड़ियों ने दिखाई खेल भावना.
प्रतिनिधि, पाकुड़. राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के खेल कार्यालय एवं जिला वॉलीबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में रेलवे मैदान, पाकुड़ में एक दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गयी. प्रतियोगिता में जिले की छह टीमों ने हिस्सा लिया. दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया.
आपके शहर में
फाइनल में डे बोर्डिंग-1 ने दिखाया दमखम
फाइनल मुकाबला डे बोर्डिंग-1 और डे बोर्डिंग-2 के बीच खेला गया. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जोरदार सर्विस, शानदार स्मैश और मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया. रोमांचक मुकाबले में डे बोर्डिंग-1 ने डे बोर्डिंग-2 को 2-1 से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया.
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
छह टीमों ने दिखायी खेल प्रतिभा
प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबले में राज हाई स्कूल और हरिणडंगा हाई स्कूल की टीम आमने-सामने हुई. इसमें राज हाई स्कूल ने 2-1 से जीत दर्ज की. वहीं डे बोर्डिंग-1 ने अंजना की टीम को 2-1 से पराजित किया.
डे बोर्डिंग-2 और बैंक कॉलोनी के बीच भी रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें डे बोर्डिंग-2 ने जीत हासिल कर अगले चरण में प्रवेश किया. इसके बाद हुए मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया और दर्शकों को रोमांचक खेल का आनंद मिला.
खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर परिषद की वार्ड पार्षद निभा देवी, ईआरएमयू के सचिव संजय कुमार ओझा, ईजरप्पा के सचिव राणा शुक्ला और जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव हिसाबी राय ने संयुक्त रूप से किया. अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया.
अतिथियों ने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने से युवाओं में अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित होती है.
निर्णायकों को भी किया गया सम्मानित
फाइनल मुकाबले के दौरान जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कौशिक, नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा, वार्ड पार्षद निभा देवी, संजय कुमार ओझा, विपिन कुमार चौधरी, जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव हिसाबी राय, खेल प्रशिक्षक उज्जय राय समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे.
प्रतियोगिता के निर्णायक निर्भय सिंह, अभिषेक भगत और रातुल दे को जिला क्रीड़ा पदाधिकारी की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं है, बल्कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी सौहार्द का मजबूत आधार है. युवाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेना चाहिए और स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए.
जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कौशिक ने कहा कि खेल जीवन में संघर्ष करना, धैर्य बनाए रखना और सफलता-असफलता को समान भाव से स्वीकार करना सिखाता है. सच्चा खिलाड़ी जीत के समय विनम्र और हार के समय और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित रहता है.
उन्होंने कहा कि खेल मैदान में विकसित अनुशासन, समर्पण और टीम भावना व्यक्ति के जीवन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए