पाकुड़ में कोयला ढोने वाले 19 वाहनों पर 4 लाख का जुर्माना, ओवरलोडिंग और बिना तिरपाल ढुलाई पर कार्रवाई
कोयला ढुलाई करने वाले भारी वाहनों की जांच करते डीटीओ मो मुजाहिद अंसारी | Prabhat Khabar Network
पाकुड़ में अमरापाड़ा कोल साइडिंग से कोयला ढुलाई करने वाले 19 वाहनों पर ओवरलोडिंग व अन्य नियमों के उल्लंघन के चलते 4 लाख ₹ से ज़्यादा का जुर्माना लगाया गया. नियमों का पालन न करने वाले चालकों पर कार्रवाई.
संवाददाता, पाकुड़ : अमरापाड़ा कोल साइडिंग से कोयला ढुलाई करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ जिला परिवहन विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया. गुरुवार को जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में चलाये गये अभियान में 19 वाहनों पर कुल 4,01,001 रुपये का ऑनलाइन चालान किया गया. जांच के दौरान ओवरलोडिंग, बिना तिरपाल कोयला ढुलाई और वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने सहित परिवहन नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आये.
50 वाहनों के कागजात की हुई जांच
जानकारी के अनुसार, अमरापाड़ा कोल साइडिंग से पाकुड़ और दुमका रेलवे साइडिंग जाने वाले कोयला लदे भारी व्यावसायिक वाहनों की जांच की गयी. इस दौरान करीब 40 से 50 वाहनों के कागजात और परिवहन संबंधी नियमों की पड़ताल की गयी. अभियान में ओवरलोडिंग पर रोक लगाने के साथ कोयला ढुलाई के दौरान वाहनों को तिरपाल से ढकने, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजात की जांच पर विशेष ध्यान दिया गया.
इसके अलावा तेज गति से वाहन चलाने, निर्धारित मानक के विपरीत नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न और हाई बीम लाइट के अनधिकृत इस्तेमाल पर भी नजर रखी गयी.
24 घंटे में जुर्माना जमा करने का निर्देश
जिला परिवहन पदाधिकारी ने चालान प्राप्त करने वाले वाहन चालकों को 24 घंटे के अंदर जुर्माने की राशि जमा करने का निर्देश दिया है. निर्धारित समय में राशि जमा नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है. चालान का भुगतान झारखंड सरकार के परिवहन विभाग के आधिकारिक पोर्टल www.nexgenechallan.gov.in के माध्यम से ही करने को कहा गया है.
नशे और नींद की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील
जांच अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया. चालकों से मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन नहीं चलाने और पर्याप्त नींद व आराम के बाद ही लंबी दूरी की यात्रा शुरू करने की अपील की गयी.
उन्हें बताया गया कि सुरक्षित घर लौटना न केवल उनकी, बल्कि उनके परिवार की सुरक्षा से भी जुड़ा है. उनकी आजीविका परिवार के भरण-पोषण का मुख्य आधार है. इसलिए यातायात नियमों का पालन करते हुए सावधानी से वाहन चलाने और खुद के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की गयी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
