नगर परिषद बैठक में कई विकास योजनाओं को मंजूरी, पांच पार्षदों ने किया बहिष्कार
बैठक में मौजूद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी व वार्ड पार्षद | Prabhat Khabar Network
पाकुड़ नगर परिषद की बैठक में कई जनकल्याणकारी योजनाओं को हरी झंडी मिली, वहीं पांच पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार किया. जानें क्या हुआ.
पाकुड़ : नगर परिषद बोर्ड की सामान्य बैठक शनिवार को अध्यक्ष शबरी पाल की अध्यक्षता में हुई. बैठक में उपाध्यक्ष राणा ओझा व कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी मौजूद रहे. 19 पार्षदों ने बैठक में भाग लिया, जबकि दो पार्षद स्वास्थ्य कारणों से अनुपस्थित रहे. एजेंडे पर चर्चा शुरू होते ही किरण लाल कापड़ी, रूपाली सरकार, भीम सिंह चंद्रवंशी, असलम अंसारी व आलमगीर आलम ने बैठक का बहिष्कार कर दिया.
आपके शहर में
कई योजनाओं को मिली मंजूरी
बैठक में वार्ड 8 में यूरिनल, वार्ड 20 व 21 में सड़क-सह-नाली और वार्ड 7, 11, 20 व 21 में बोरिंग निर्माण की योजना स्वीकृत की गई. वार्ड 11 में पथ निर्माण के साथ अतिरिक्त बिजली मिस्त्री की व्यवस्था पर भी सहमति बनी. वार्ड 19 के कालिकापुर में दुर्गा माता मंदिर के समीप नाली जीर्णोद्धार तथा वार्ड 5 में छठ घाट, मुखाग्नि स्थल व मार्केट कॉम्प्लेक्स-सह-विवाह भवन निर्माण को भी मंजूरी दी गई.
21 वार्डों में होंगी जनकल्याणकारी योजनाएं
वीर कुंवर सिंह भवन परिसर में मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण का प्रस्ताव विभागीय स्वीकृति के लिए भेजने का निर्णय लिया गया. 16वें वित्त आयोग की राशि से सभी 21 वार्डों में जनकल्याणकारी योजनाएं लेने पर सहमति बनी. हालांकि, बहिष्कार करने वाले पार्षदों के वार्ड 3, 4, 12, 13 व 17 से संबंधित योजनाओं पर चर्चा नहीं हो सकी. उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि सड़क, नाली, स्वच्छता, बिजली सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए