26 नवंबर को रांची में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, लोहरदगा के लोगों से शामिल होने की अपील
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद कांग्रेसी | Prabhat Khabar Network
कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च के जरिए मतदाता सूची में गड़बड़ी और मताधिकार के हनन पर चिंता जताई है. जानिए पार्टी की आगे की रणनीति और ग्राम चौपाल के आयोजन के बारे में.
लोहरदगा: कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से नामित प्रदेश प्रवक्ता अख्तर अली और रोहित एक्का ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संविधान रक्षा मार्च के उद्देश्यों की जानकारी दी. प्रदेश प्रवक्ता अख्तर अली ने कहा कि भारत का संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और नागरिकों के मौलिक अधिकारों की आत्मा है. बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं ने जिस भारत की कल्पना की थी, वह सम्मान, भाईचारे, स्वतंत्रता और न्याय पर आधारित था.
संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जताई चिंता
अख्तर अली ने कहा कि आज संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर देश के नागरिकों के मन में कई सवाल हैं. लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज और सहमति का सम्मान, स्वतंत्र संस्थाओं की भूमिका तथा नागरिकों के अधिकार बेहद महत्वपूर्ण हैं. सत्ता किसी भी दल की हो, उसे संविधान और कानून के दायरे में रहकर काम करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष या राजनीतिक दल के खिलाफ सत्ता हासिल करने तक सीमित नहीं है. यह देश के संविधान, लोकतांत्रिक परंपराओं और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है.
मतदाता सूची में गड़बड़ी को बताया लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय
अख्तर अली ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता का वोट सुरक्षित रहना जरूरी है. मतदाता सूची में गड़बड़ी, पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने और लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित किए जाने की आशंकाएं लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं. कांग्रेस पार्टी वोट चोरी के मुद्दे पर आवाज उठायेगी और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे.
पंचायत स्तर पर ग्राम चौपाल के जरिये करेंगे जागरूक
प्रदेश प्रवक्ता रोहित एक्का ने बताया कि कांग्रेस पार्टी पंचायत स्तर पर ग्राम चौपाल आयोजित कर लोगों को मतदाता सूची के प्रति जागरूक करेगी. इन चौपालों के माध्यम से लोगों को अपना और परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में जांचने की जानकारी दी जायेगी. साथ ही, नाम कटने की स्थिति में इसकी जानकारी प्राप्त करने और पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाने के लिए निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने में सहयोग किया जायेगा.
उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य है कि गांव का हर पात्र मतदाता अपने मताधिकार के प्रति जागरूक हो और लोकतंत्र में उसकी भागीदारी सुनिश्चित हो.
पांचवीं अनुसूची और आदिवासी अधिकारों पर भी दिया जोर
रोहित एक्का ने कहा कि झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में संविधान की पांचवीं अनुसूची का विशेष महत्व है. यह आदिवासी अधिकारों, जल-जंगल-जमीन, सामाजिक न्याय और कमजोर वर्गों के संवैधानिक संरक्षण से जुड़ी है. संविधान की रक्षा का अर्थ है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचे.
26 नवंबर को रांची में संविधान रक्षा मार्च में शामिल होने की अपील
अख्तर अली ने लोहरदगा जिले के कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों से विशेष अपील की कि वे 26 नवंबर को रांची में आयोजित राज्य स्तरीय संविधान रक्षा मार्च में बड़ी संख्या में शामिल हों और संविधान एवं लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करें.
उन्होंने कहा कि संविधान बचेगा, तो लोकतंत्र बचेगा और लोकतंत्र बचेगा, तो जनता के अधिकार सुरक्षित रहेंगे. हर नागरिक का वोट सुरक्षित रहना चाहिए. कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी.
प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव, अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष मुजम्मिल अंसारी और मुस्ताक अहमद विशेष रूप से उपस्थित थे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
