Lohardaga News: शिकायतों से थके ग्रामीणों ने खुद संभाली कमान, बुलडोजर चलाकर हटाया अतिक्रमण और साफ करायी नाली
अतिक्रमण साफ करते ग्रामीण
लंबे समय से जलजमाव और नाली की समस्या से परेशान किस्को प्रखंड के नारी गांव के ग्रामीणों ने खुद पहल करते हुए सफाई अभियान चलाया. अंजुमन इस्लामिया नूरी और नौजवान कमेटी के नेतृत्व में हुए इस अभियान में अतिक्रमण हटाकर नाली की सफाई की गई.
किस्को, लोहरदगा: किस्को प्रखंड के नारी गांव में लंबे समय से जलजमाव और नाली की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को खुद पहल करते हुए सफाई अभियान चलाया. कई बार मांग और शिकायत के बावजूद नाली की सफाई एवं पक्की नाली का निर्माण नहीं होने पर अंजुमन इस्लामिया नूरी और नौजवान कमेटी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नाली की सफाई करायी.
आपके शहर में
ग्रामीणों ने बताया कि जहां-जहां अतिक्रमण के कारण पानी का निकास बाधित था, वहां बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया. इसके बाद नाली में जमा कचरा और गंदगी को भी बाहर निकाला गया.
नारी धुर्वा मोड़ चौक से हरिजन मोहल्ला होते हुए महतो टोला तक करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में नाली के अभाव और अतिक्रमण के कारण जल निकासी की समस्या बनी हुई थी. छोटी नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क और घरों के आसपास जमा रहता था. इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी के साथ दुर्गंध का भी सामना करना पड़ रहा था.
जनप्रतिनिधियों ने किया सहयोग
सफाई अभियान में जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार गुप्ता, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष विनेश साहू एवं नवाडीह पंचायत की मुखिया मीना कुमारी ने विशेष सहयोग किया. वहीं अंजुमन इस्लामिया नूरी के सदर मोहम्मद सनाउल्लाह, सेक्रेटरी कुद्दूस अंसारी, खजांची मोबिन अंसारी, समाजसेवी एकरामुल अंसारी, अशफाक अंसारी, साकिर अंसारी एवं नौजवान कमेटी के सदस्यों के नेतृत्व में सफाई कार्य कराया गया.
बुधवार शाम चार बजे तक सफाई कार्य पूरा नहीं हो सका था. इसे जल्द पूरा कराने की बात कही गयी है. अंजुमन के पदाधिकारियों ने उपायुक्त से जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पक्की नाली का निर्माण कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए