Lohardaga News: जुलूस-ए-मोहम्मदी से गूंजा शहर, ईद मिलादुन्नबी पर उमड़ा जनसैलाब; शांति-सौहार्द की मांगी दुआ

Updated:
विज्ञापन

लोहरदगा में पैगम्बर-ए-जहां हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस के अवसर पर मुस्लिम धर्मावलंबियों ने बड़े ही धूमधाम और सौहार्द के साथ जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी मनाया. इस दौरान शांति और समृद्धि के लिए दुआएं मांगी गईं.

विज्ञापन

लोहरदगा: पैगम्बर-ए-जहां हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस के मौके पर बुधवार को मुस्लिम धर्मावलंबियों ने जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी शांति एवं सौहार्द के साथ मनाया. इस अवसर पर अंजुमन इस्लामिया के तत्वावधान में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया. जुलूस का नेतृत्व मसाजिद के इमाम, अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर, सेक्रेटरी व अन्य पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न पंचायतों के सदर व सेक्रेटरी कर रहे थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

हरे रंग के परचम और रंग-बिरंगे पताके हाथों में लिये बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए. जुलूस स्थानीय जामा मस्जिद के समीप से शुरू होकर बड़ा तालाब, बगडू रोड, तैगी नगर, अमला टोली, सोमवार बाजार, पावरगंज, बाबा मठ, न्यू रोड, महात्मा गांधी पथ, गुदरी बाजार, शास्त्री चौक, तेतरतर और थाना रोड समेत विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुन: जामा मस्जिद के पास पहुंचा.

इस दौरान "अस्सलातो वस्सलामो अलैका या रसूल अल्लाह" और "हुजूर का आमद मरहबा" जैसे नारों से पूरा शहर गूंजता रहा. विभिन्न चौक-चौराहों पर जुलूस का स्वागत किया गया. जगह-जगह लोगों को शर्बत, फल, खजूर, चना, चॉकलेट और पानी पिलाया गया.

दुरूद व सलाम के बाद मांगी गयी दुआ

जामा मस्जिद के पास पहुंचने के बाद दुरूद व सलाम पेश किया गया. इसके बाद जिले समेत पूरे देश में शांति, सौहार्द, समृद्धि और खुशहाली के लिए दुआ मांगी गयी. इसके साथ ही जुलूस का समापन हुआ.

जुलूस में अंजुमन इस्लामिया के सदर अब्दुल रउफ अंसारी, सेक्रेटरी शाहिद अहमद बेलू, नायब सदर हाजी नईम खान, सैयद आरिफ हुसैन बब्लू, मजलिस-ए-अम्मा के नाजिम हाजी जब्बारूल अंसारी, कोषाध्यक्ष सैयद फिरोज शाह, सहसचिव अल्ताफ कुरैशी, अनवर अंसारी, पूर्व सदर हाजी मो. अफसर कुरैशी, नेहाल कुरैशी, मोजम्मिल अंसारी, पूर्व सदर सैयद खालिद शाह समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.

मुस्लिम यूथ वेलफेयर सोसाइटी की ओर से भी जुलूस में शामिल लोगों की सेवा की गयी. सोसाइटी के अध्यक्ष अब्दुल मोहेमिन बबन, सैयद सलीम, सैयद वसीम समेत अन्य सदस्य व्यवस्था में जुटे रहे.

सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद

जुलूस को लेकर जिला पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा बल के जवान तैनात किये गये थे. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार मीना और पुलिस कप्तान सादिक अनवर रिजवी सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे थे.

अतिसंवेदनशील इलाकों में एसडीओ अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, एसडीपीओ किस्को दिवाकर कुमार, डीएसपी समीर तिर्की, सीओ, बीडीओ और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रत्नेश मोहन ठाकुर समेत अन्य पदाधिकारी लगातार पेट्रोलिंग करते रहे. समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं थी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola