महीनों से खराब था लाइब्रेरी का समरसेबल, प्रशासन ने नहीं सुनी फरियाद; भाजयुमो अध्यक्ष ने निजी खर्च से कराया दुरुस्त
मरम्मत के बाद समरसेबल मशीन लगाते छात्र | Prabhat Khabar Network
लोहरदगा के कुड़ू प्रखंड लाइब्रेरी में पानी की समस्या से परेशान छात्रों के लिए भाजपा नेता सरजू कुमार साहू ने निजी खर्च पर बोरिंग मशीन दुरुस्त कराई.
अमित कुमार राज की रिपोर्ट
आपके शहर में
कुड़ू (लोहरदगा): जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रखंड स्तरीय पुस्तकालय में महीनों से खराब पड़े समरसेबल मशीन के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. पुस्तकालय में पीने के पानी की सुविधा नहीं थी, जबकि शौचालय के लिए भी विद्यार्थियों को पानी के अभाव में बाहर जाना पड़ता था.
प्रशासन से शिकायत के बाद भी नहीं हुई पहल
छात्र-छात्राओं ने खराब समरसेबल मशीन की समस्या से प्रभारी बीडीओ सह सीओ संतोष उरांव से लेकर उपायुक्त संदीप कुमार मीना तक को मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया. इसके बावजूद लंबे समय तक समस्या का समाधान नहीं हो सका. पानी की समस्या से सबसे अधिक परेशानी छात्राओं को हो रही थी. समस्या का समाधान नहीं होने पर छात्राओं ने आपस में चंदा एकत्र कर बोरिंग में लगे समरसेबल मशीन को खोलकर ठीक कराने का प्रयास भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी भाजयुमो के प्रखंड अध्यक्ष सरजू कुमार साहू को दी.
ये भी पढ़ें- Jharkhand Rain Alert: 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, रांची समेत 5 में ऑरेंज अलर्ट
निजी खर्च से कराया मशीन की मरम्मत
सूचना मिलने पर सरजू कुमार साहू पुस्तकालय पहुंचे और छात्राओं से उनकी समस्या की जानकारी ली. विद्यार्थियों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने बोरिंग मशीन की मरम्मत में आने वाला पूरा खर्च स्वयं वहन करने का आश्वासन दिया. इसके बाद खराब समरसेबल मशीन की मरम्मत कराकर शनिवार को उसे बोरिंग में दोबारा लगाया गया और चालू कराया गया. मशीन चालू होते ही पुस्तकालय में पानी की सुविधा बहाल हो गयी. इससे अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को पीने के लिए पानी के साथ शौचालय में भी पानी उपलब्ध होने लगा. पानी निकलते ही विद्यार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गयी.
छात्रों ने जताया आभार
समस्या का समाधान होने पर छात्र-छात्राओं ने सरजू कुमार साहू के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या दूर होने से उन्हें काफी राहत मिली है. विद्यार्थियों ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं का उपलब्ध होना भी बेहद जरूरी है. भाजयुमो प्रखंड अध्यक्ष सरजू कुमार साहू ने कहा कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं का समाधान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि प्रशासन को भी अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटना चाहिए.
ये भी पढ़ें- हजारीबाग: दनुवा घाटी में अफीम तस्करों से पुलिस की मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में 21 वर्षीय युवक घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए