लोहरदगा में मवेशी तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, 71 मवेशी जब्त; तस्कर फरार
थाना में रखी गई मवेशी. | Prabhat Khabar Network
लोहरदगा पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 71 मवेशी जब्त किए। हिसरी गांव में पुलिस की दबिश से तस्कर फरार हो गए।
किस्को (लोहरदगा): मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 71 मवेशियों को जब्त किया है. यह कार्रवाई बगड़ू थाना क्षेत्र के हिसरी गांव में की गई. पुलिस की दबिश पड़ते ही मवेशियों को ले जा रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
कब्रिस्तान के पास पुलिस ने की छापेमारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि हिसरी गांव के रास्ते बड़ी संख्या में मवेशियों को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने गांव स्थित कब्रिस्तान के पास छापेमारी की.
पुलिस को देखते ही मवेशियों को लेकर जा रहे लोग उन्हें छोड़कर फरार हो गए. इसके बाद पुलिस ने मौके से तस्करी के लिए ले जाए जा रहे कुल 71 मवेशियों को जब्त कर थाने पहुंचाया.
तस्करी में 10 से 12 लोगों के शामिल होने की आशंका
छापेमारी टीम में पुलिस बल के जवान शामिल थे. पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी में 10 से 12 लोग शामिल थे. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. फरार लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है.
इधर, मवेशियों की जब्ती की सूचना मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण भी अपने मवेशियों को लेने के लिए थाना परिसर पहुंचने लगे. शनिवार सुबह से ही थाने में लोगों की भीड़ देखी गई.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए