काम करनेवाला वार्ड पार्षद लोग चाहते हैं लोग
Published by : VIKASH NATH Updated At : 07 Feb 2026 8:55 PM
वार्ड नंबर 23 में चुनावी मुकाबला दिलचस्प है.
वार्ड नंबर 23 में चुनावी मुकाबला दिलचस्प है. जनता का मूड साफ है—वे वादों से नहीं, बल्कि काम से संतुष्ट होंगे. बिजली, पानी, सफाई और सड़क जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान ही यहां के मतदाताओं की पहली प्राथमिकता है. लोग चाहते हैं कि उनका प्रतिनिधि ईमानदार, कर्मठ और जवाबदेह हो. इस चुनाव में मतदाता केवल भाषण नहीं, बल्कि ठोस समाधान की तलाश में हैं.
लोहरदगा. नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 23 में माहौल बेहद गर्म है. जैसे-जैसे मतदान की तिथि नज़दीक आती जा रही है, वैसे-वैसे चुनावी गहमागहमी और बढ़ती जा रही है. मतदाता इस बार ऐसे प्रतिनिधि की तलाश में हैं जो ईमानदारी से काम करे, बिना किसी भेदभाव के विकास सुनिश्चित करे और सरकारी योजनाओं को सही तरीके से धरातल पर उतारे. जनता का कहना है कि अब उन्हें केवल वादे नहीं, बल्कि ठोस काम चाहिए. मतदाताओं की रायवार्ड नंबर 23 के निवासी अपनी समस्याओं को खुलकर सामने ला रहे हैं.
बसंत साहू का कहना है कि वादे तो सभी करते हैं, लेकिन हमें धरातल पर विकास चाहिए. वार्ड में रोशनी और सफाई की गंभीर समस्या है. रात में अंधेरे में गुजरना मुश्किल होता है और नालियों में गंदगी का अंबार लगा है.
रिंकू साहु ने सफाई को मुख्य समस्या बताया. उनका कहना है कि सफाई नियमित रूप से नहीं होती. उन्होंने बच्चों के लिए पुस्तकालय और महिलाओं के स्वावलंबन की व्यवस्था की मांग की.गौरव प्रसाद ने पानी, सड़क, सफाई और रोशनी की मुकम्मल व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि पानी की कमी से लोग परेशान हैं और स्वरोजगार से जोड़ने वाली योजनाएं लागू होनी चाहिए.
शुभम पंकज ने कहा कि वार्ड पार्षद ईमानदार और कर्मठ होना चाहिए ताकि समस्याओं का समाधान हो सके. उन्होंने वृद्धा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, विधवा पेंशन और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं को सही तरीके से लागू करने की बात कही. उनका मानना है कि जानकारी के अभाव में लोग योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते, जबकि पार्षद चाहे तो लोगों को लाभ दिला सकता है.वर्तमान पार्षद का पक्ष
वर्तमान वार्ड पार्षद अशोक रजक का कहना है कि उन्होंने अपने वार्ड के विकास के लिए काफी काम किया है. कुछ काम अधूरे रह गये हैं जिन्हें पूरा किया जायेगा. उन्होंने दावा किया कि जनता का सहयोग उन्हें मिला और ईमानदारी से समस्याओं का समाधान किया गया. उनके अनुसार, नगर परिषद क्षेत्र में जो भी सुविधाएं दिखाई देती हैं, वह उनके प्रयासों का परिणाम हैं. वार्ड की स्थिति और चुनावी समीकरण– कुल मतदाता: 1908
– महिला: 842
– पुरुष: 1066
– इलाके: कॉलेज रोड, उर्सुलाईन कान्वेंट
– मुख्य समस्याएं: बिजली, पानी, सफाई और सड़क
– उम्मीदवार: कुल तीन, मुकाबला रोचक
यहां के मतदाता साफ कह रहे हैं कि वे इस बार सावधानी से वोट देंगे. भ्रष्टाचार से लोग अजीज आ चुके हैं और किसी भी काम के लिए कीमत चुकानी पड़ती है. जनता चाहती है कि नया पार्षद ऐसा हो जो उनके हित की बात करे, योजनाओं को सही तरीके से लागू करे और वार्ड का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










