तिरंगे में लिपटा वीर सपूत गांव पहुंचा तो रो पड़ा पूरा सरनाटोली, तीन बच्चों ने दी पिता को अंतिम विदाई

Updated:
विज्ञापन

श्रद्धांजलि अर्पित करते सेना के अधिकारी

भारतीय सेना के जवान दिलीप उरांव का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचने पर पूरा इलाका गमगीन हो गया. पंजाब के भटिंडा में ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया था. सेना के जवानों ने राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी.

विज्ञापन

सेन्हा, लोहरदगा : भारतीय सेना के जवान दिलीप उरांव का पार्थिव शरीर रविवार को उनके पैतृक गांव भड़गांव पंचायत के सरनाटोली पहुंचा, तो पूरा गांव गमगीन हो गया. पंजाब के भटिंडा में ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से जवान दिलीप उरांव का निधन हो गया था. तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर देखते ही परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गयीं. गांव के बच्चे-बच्चे अपने वीर जवान को अंतिम विदाई देने उमड़ पड़े.

आपके शहर में

विज्ञापन

दिलीप उरांव भड़गांव सरनाटोली निवासी सुंदर उरांव के पुत्र थे. जवान का पार्थिव शरीर लोहरदगा के बीएस कॉलेज पहुंचने के बाद गांव के युवा उसे पैतृक गांव लाने के लिए साथ चले. रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों ने नम आंखों से वीर जवान को अंतिम सलामी दी. स्थानीय जनप्रतिनिधि भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए. सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा के निर्देश पर पुलिस गश्ती दल अंतिम यात्रा के साथ पैतृक गांव तक पहुंचा.

रातभर पार्थिव शरीर का इंतजार करते रहे ग्रामीण

जवान के पार्थिव शरीर के पहुंचने से पहले ही सरनाटोली में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन उनके घर के आंगन में एकत्र हो गये थे. ग्रामीण रातभर अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन का इंतजार करते रहे. सुबह होते ही परिजनों की नजरें गांव की सड़क पर टिकी रहीं. जैसे ही पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. मां और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद भावुक हो गया.

जवान की मां ने कहा कि उनके बेटे ने देश की सेवा कर माटी और दूध का कर्ज अदा कर दिया. उन्होंने कहा कि बेटे ने देश के सच्चे सपूत होने का फर्ज निभाया, जिसका परिवार को हमेशा गर्व रहेगा.

पिता की अंतिम यात्रा में शामिल हुए तीनों बच्चे

दिलीप उरांव अपने पीछे दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गये हैं. तीनों बच्चे पिता की अंतिम यात्रा में शामिल हुए. अंतिम संस्कार के लिए जब अर्थी उठी, तो परिजनों के साथ पूरा गांव भावुक हो उठा. ग्रामीणों ने कंधा देकर वीर जवान को अंतिम विदाई दी.

सेना के जवानों ने दी राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी

अंतिम संस्कार से पूर्व पैतृक गांव सरनाटोली में सेना के जवानों ने पूरे राजकीय सम्मान के साथ पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर सलामी दी. सेना की ओर से सूबेदार गोपाल मुंडा, नायब सूबेदार अनिल भगत, हवलदार ए.के. पांडेय समेत अर्जुन यादव, समीर सिंह, सर्वजीत कुमार, सुशांत कुमार, सुमित कुंवर, परमानंद कुमार, ठाकरे कल्पेश और पवार रोहित सहित अन्य जवान मौजूद रहे.

मौके पर सांसद प्रतिनिधि नंदकिशोर शुक्ला, जिला परिषद सदस्य राधा तिर्की, भूतपूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष धर्मराज महतो, ट्रस्ट के संरक्षक डॉ. टी. साहू, कैप्टन सहदेव भगत, सूबेदार प्रवीण कुमार साहू समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे. सभी ने वीर जवान दिलीप उरांव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अंतिम विदाई दी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola