लोहरदगा : टॉर्च की रोशनी में इलाज की खबर का असर, कुड़ू सीएचसी को मिला नया डीजी जनरेटर
सीएचसी को मिला नया जनरेटर | Prabhat Khabar Network
लोहरदगा के कुड़ू सीएचसी में नया जेनरेटर लग गया है. अब मरीजों को टॉर्च की रोशनी में इलाज नहीं कराना पड़ेगा। भाजपा नेता सरजू साहू के प्रयासों से मिली बड़ी राहत.
अमित कुमार राज की रिपोर्ट
कुड़ू (लोहरदगा). सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुड़ू में बिजली व्यवस्था की बदहाली और टॉर्च की रोशनी में मरीजों का इलाज किए जाने का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है. प्रशासन के निर्देश पर कुड़ू सीएचसी को नया डीजी जनरेटर उपलब्ध कराया गया है.
भाजपा नेता ने प्रमुखता से उठाया था मामला
कुड़ू सीएचसी में बिजली की समस्या का मामला भाजपा नेता सरजू कुमार साहू ने प्रमुखता से उठाया था. उन्होंने अस्पताल के अंधेरे में डूबे रहने और टॉर्च की रोशनी में मरीजों का इलाज किए जाने की जानकारी उपायुक्त संदीप कुमार मीना को लिखित रूप से दी थी. साथ ही मामले की जांच और समस्या के समाधान की मांग की थी.
खराब था पुराना जनरेटर
बताया जाता है कि करीब एक माह पहले सीएचसी का जनरेटर खराब हो गया था. इसी दौरान बिजली गुल होने पर एक गंभीर रूप से घायल मरीज को इलाज के लिए कुड़ू सीएचसी लाया गया था. बिजली नहीं रहने के कारण चिकित्सकों को टॉर्च की रोशनी में मरीज का इलाज करना पड़ा था. मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में इसकी चर्चा हुई और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे थे. इसके बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की.
अब आपात स्थिति में मिलेगी राहत
पुराने खराब जनरेटर की जगह नया डीजी जनरेटर उपलब्ध होने से सीएचसी में बिजली की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है. खासकर रात के समय बिजली गुल होने पर मरीजों को टॉर्च की रोशनी में इलाज कराने की परेशानी से राहत मिलेगी. आपात स्थिति में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी मरीजों का बेहतर तरीके से उपचार करने में सुविधा होगी. भाजपा नेता सरजू कुमार साहू ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र जैसी महत्वपूर्ण जगह पर बिजली की व्यवस्था सुचारु रहना बेहद जरूरी है. जनता की समस्याओं को उठाकर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए