मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर टोरी साइडिंग में अनलोडिंग ठप

मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर टोरी साइडिंग में अनलोडिंग ठप
चंदवा़ मजदूरी में बढ़ोतरी की मांग को लेकर ट्रक अनलोडिंग मजदूर संघ के आह्वान पर रविवार को टोरी हिंडाल्को बॉक्साइट साइडिंग में कामकाज पूरी तरह ठप रहा. सुबह करीब छह बजे ही सैकड़ों मजदूर साइडिंग परिसर पहुंचे और अनलोडिंग का कार्य बंद करा दिया. मजदूरों के इस अचानक कार्य बहिष्कार से साइडिंग संचालन ठप हो गया और बॉक्साइट लदी दर्जनों ट्रकें जहां-तहां खड़ी हो गयीं. करीब आठ से 10 घंटे तक काम बंद रहने से प्रबंधन को भारी आर्थिक नुकसान का अनुमान है. महंगाई के अनुपात में नहीं बढ़ रही मजदूरी : आंदोलनरत मजदूरों ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि वर्ष 2022 से हॉफ डाला ट्रक के लिए 450 रुपये और फुल डाला के लिए 480 रुपये की दर तय है. बीते तीन वर्षों में महंगाई आसमान छूने लगी है, लेकिन मजदूरी दर स्थिर है. ऐसी स्थिति में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है. संघ ने पांच जनवरी को ट्रक ओनर एसोसिएशन के समक्ष हॉफ डाला के लिए 600 रुपये और फुल डाला के लिए 650 रुपये न्यूनतम मजदूरी की मांग रखी थी. नोटिस चिपकाने पर भड़का गुस्सा : विवाद तब गहरा गया जब रविवार एक फरवरी को साइडिंग परिसर में यूनियन द्वारा एक सूचना चस्पा की गयी. इसमें हॉफ डाला के लिए 550 रुपये और फुल डाला के लिए 600 रुपये की दर एक अप्रैल से लागू करने की बात कही गयी थी. मजदूर इस दर और समय सीमा से सहमत नहीं दिखे और तत्काल काम बंद कर आंदोलन पर उतर गये. एसोसिएशन के साथ वार्ता का दौर शुरू : कामकाज ठप होने की खबर मिलते ही लोहरदगा-गुमला ट्रक ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कंवलजीत सिंह और सचिव रोहित अग्रवाल उर्फ जॉनी पदाधिकारियों के साथ साइडिंग पहुंचे. समाचार लिखे जाने तक मजदूर संघ और एसोसिएशन के बीच सहमति बनाने को लेकर वार्ता जारी थी. साइडिंग परिसर में काफी संख्या में मजदूर डटे हुए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




