लातेहार: देवनद पुल के पास कथित अवैध बालू उठाव का विरोध, 2 कोड़ी और 11 बेलचे जब्त
जानकारी देते मुखिया व राजकुमार साहू. | Prabhat Khabar Network
लातेहार में देवनद पुल के पास अवैध बालू उठाव का मामला सामने आया. सामाजिक कार्यकर्ताओं के विरोध पर मुखिया ने कार्रवाई करते हुए सामग्री जब्त की.
चंदवा (लातेहार). देवनद पुल के समीप नदी के मुहाने से कथित तौर पर अवैध तरीके से बालू और मिट्टी का उठाव करने का मामला सामने आया है. मंगलवार की दोपहर बाद सामाजिक कार्यकर्ता सह देवनद-दामोदर अभियान से जुड़े राजकुमार साहू और चंद्रभूषण केसरी ने इसका विरोध किया. उन्होंने मामले की जानकारी चंदवा पश्चिमी पंचायत की मुखिया संगीता लकड़ा को दी. सूचना मिलने पर मुखिया मौके पर पहुंचीं और वहां से दो कोड़ी तथा 11 बेलचे जब्त किये.
विरोध करने पर ट्रैक्टर लेकर भागे मजदूर
राजकुमार साहू के अनुसार, मंगलवार की दोपहर बाद उन्होंने देवनद पुल के समीप नदी के मुहाने से बालू का अवैध उत्खनन होते देखा. उस समय करीब 14-15 मजदूर इस काम में लगे थे. मजदूर दो ट्रैक्टरों में बालू लोड कर रहे थे. विरोध करने पर मजदूर ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गये. वहां मौजूद एक युवक ने अपना नाम चंदन भारती बताया. आशंका जतायी जा रही है कि दोनों ट्रैक्टर उसी के हैं.
पुल के दोनों ओर 500 मीटर तक उठाव पर रोक
राजकुमार साहू ने इसकी सूचना मुखिया संगीता लकड़ा को दी. मुखिया ने बताया कि बालू का चालान उनके स्तर से निर्गत किया जाता है, लेकिन सभी को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि देवनद पुल के पूर्व और पश्चिम दिशा में 500 मीटर के दायरे में किसी भी स्थिति में बालू का उठाव नहीं किया जाना है. मौके पर कई लोग मौजूद थे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए