Latehar News: बनहरदी कोल परियोजना में 29 अगस्त को ग्रामसभा, रैयतों के अधिकारों की सुरक्षा की उठी मांग
बनहरदी कोल परियोजना को लेकर 29 अगस्त को ग्राम सभा आयोजित होगी। पांच पड़हा ने रैयतों के अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रशासन को सौंपा ज्ञापन।
चंदवा,लातेहार: बनहरदी कोल परियोजना में रैयतों और परियोजना प्रबंधन के बीच जारी गतिरोध के बीच 29 अगस्त को ग्रामसभा आयोजित की जायेगी. इसे लेकर पांच पड़हा बनहरदी ने रैयतों के अधिकारों के संरक्षण की मांग करते हुए चंदवा अंचलाधिकारी को आवेदन सौंपा है.
आपके शहर में
आवेदन में कहा गया है कि अपर समाहर्ता के पत्र के आलोक में 29 अगस्त को कोल परियोजना क्षेत्र में ग्रामसभा आयोजित की जानी है. इसमें अधिसूचित वन भूमि, गैरमजरूआ भूमि एवं जंगल-झाड़ी भूमि के संबंध में वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत अनापत्ति निर्गत करने को लेकर चर्चा की जायेगी. पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में रैयतों के अधिकारों के संरक्षण को लेकर पांच पड़हा ने इस प्रक्रिया पर अपनी आपत्ति दर्ज करायी है.
राज्यपाल व आयोग को भी भेजी आवेदन की प्रति
पांच पड़हा की ओर से सौंपे गये आवेदन की प्रतिलिपि डाक के माध्यम से राज्यपाल, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के सचिव, झारखंड सरकार के मुख्य सचिव, लातेहार उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गयी है. आवेदन के माध्यम से रैयतों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गयी है.
पहले भी हो चुकी हैं कई ग्रामसभाएं
बताया गया कि बनहरदी कोल परियोजना के लिए एफआरए (वन अधिकार अधिनियम) क्लियरेंस को लेकर परियोजना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पूर्व में भी कई बार ग्रामसभाएं आयोजित की जा चुकी हैं. हालांकि, कुछ गांवों में रैयतों के बीच अब तक सहमति नहीं बन पायी है. इस कारण परियोजना से जुड़े भूमि एवं वन अधिकारों के मामलों में गतिरोध बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए