झुमरीतिलैया में नंदी बाबा सेवा ट्रस्ट की 27वीं वर्षगांठ पर एक लाख श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण, पांच जगहों पर तैयारी अंतिम चरण में
महाप्रसाद की तैयारी करते हलुवाई : प्रभात खबर
नंदी बाबा सेवा ट्रस्ट की 27वीं वर्षगांठ पर कांवर पदयात्रा के दौरान एक लाख श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की भव्य तैयारी, जानें पूरी जानकारी.
झुमरीतिलैया : रामगढ़ जिले के झुमरीतिलैया में सावन की पावन बेला में शिवभक्ति के साथ सेवा की मिसाल पेश करते हुए नंदी बाबा सेवा ट्रस्ट की ओर से 24 अगस्त को आयोजित कांवर पदयात्रा के दौरान करीब एक लाख श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की जा रही है. इसके साथ ट्रस्ट की 27वीं वर्षगांठ भी सेवा, समर्पण और शिवभक्ति के बीच मनायी जायेगी़ आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है़ बड़ी संख्या में श्रमदानी भक्त महाप्रसाद की तैयारी में जुटे हैं.
आपके शहर में
पांच स्थानों पर शुरू महप्रसाद का वितरण की तैयारी
महाप्रसाद की व्यापक तैयारी, ध्वजाधारी आश्रम, माहेश्वरी भवन समेत पांच स्थानों पर शुरू कर दी गयी है. बराकर, मधुपुर, देवघर, जसीडीह, आसनसोल और धनबाद समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 250 से 300 श्रमदानी दिन-रात सेवा में जुटे हैं. बड़ी संख्या में प्रसाद तैयार करने और उसे श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गयी हैं.
ट्रस्ट के अध्यक्ष उदय सिंह और संजय शर्मा ने बताया कि सोमवारी व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा. व्रतधारियों के लिए शुद्ध घी से सूजी का हलुआ तैयार कराया जा रहा है. श्रद्धालु इसे अपने घर भी ले जा सकेंगे, ताकि उपवास खोलने में उन्हें सुविधा हो.
महिला-पुरुषों के लिए रहेगी अलग कतार
महाप्रसाद वितरण के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गयी है. आयोजकों ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार व्यवस्था को और बेहतर किया गया है. लक्ष्य है कि प्रत्येक श्रद्धालु को बिना परेशानी के महाप्रसाद मिल सके. आयोजन को सफल बनाने में सुनील कुमार सोनकर, कमल कुमार शर्मा, विकास वैष्णियार, मदन साव, विजय गोयल, अभिषेक रंजन, बिनोद कुमार, संदीप वर्णनवाल, विशाल कुमार सिंह, दीपक साव, नवीन गुप्ता, सुनील रजक और प्रदीप प्रजापति समेत ट्रस्ट के दर्जनों सदस्य जुटे हुए हैं.
27 वर्षों से सेवा कार्य में जुटा है नंदी बाबा सेवा ट्रस्ट
अध्यक्ष उदय सिंह ने बताया कि नंदी बाबा सेवा ट्रस्ट पिछले 27 वर्षों से धार्मिक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता आ रहा है. श्रद्धालुओं की सेवा को ट्रस्ट अपना धर्म मानता है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी धार्मिक और सामाजिक कार्यों का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा. सावन की कांवर पदयात्रा के अवसर पर आयोजित महाप्रसाद सेवा इसी परंपरा की एक महत्वपूर्ण कड़ी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए