कोडरमा के हरलाडीह जंगल में जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, 31,700 रुपये समेत दो जुआरी गिरफ्तार
गिरफ्तार जुआरी व जानकारी देते पुलिस अधिकारी : Prabhat Khabar
कोडरमा के मरकच्चो में हरलाडीह जंगल में चल रहे जुए के अड्डे पर पुलिस ने छापेमारी की. मौके से 31,700 रुपये नकद, कार और दो बाइक के साथ दो जुआरियों को गिरफ्तार किया गया.
मरकच्चो से मुन्ना सिंह की रिपोर्ट
आपके शहर में
कोडरमा जिले के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध जुआ, सट्टेबाजी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत मरकच्चो पुलिस ने हरलाडीह जंगल में छापेमारी की. पुलिस ने कथित रूप से जुआ खेल रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया. मौके से 31,700 रुपये नकद, ताश के पत्ते, एक कार, दो बाइक और प्लास्टिक का तिरपाल बरामद किया गया.
गुप्त सूचना पर गठित की गयी विशेष टीम
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कोडरमा को सूचना मिली थी कि मरकच्चो थाना क्षेत्र के हरलाडीह गांव स्थित जंगल में अवैध रूप से जुआ खेला जा रहा है. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी. टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी शुरू की.
ये भी पढ़ें: झुमरीतिलैया में जाम से परेशान अध्यक्ष खुद उतरे सड़क पर, हाथ में डंडा लेकर संभाली ट्रैफिक व्यवस्था
पुलिस को देखते ही भागने लगे जुआरी
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे और जुआ खिलाने वाले लोग भागने लगे. इसी दौरान पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों में सुरज कुमार (33), पिता मदन मोदी, निवासी पारबोतिया, रामगढ़, वर्तमान पता मोदी मोहल्ला, जयनगर, कोडरमा तथा सिकेन्द्र कुमार (29), पिता रामकृष्ण साव, निवासी डुमरडीहा, मरकच्चो शामिल हैं.
नकदी, ताश और तीन वाहन बरामद
पुलिस ने मौके से दो सील बंद ताश के बंडल, 119 खुले ताश के पत्ते और 31,700 रुपये नकद बरामद किये। इसके अलावा काले रंग की क्रेटा टर्बो कार (जेएच01ई4629), हीरो स्प्लेंडर बाइक (जेएच12एफ5635), होंडा साइन बाइक (जेएच12के9047) और नीले रंग का प्लास्टिक तिरपाल भी जब्त किया गया.
बंगाल पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में मरकच्चो थाना कांड संख्या 61/26, दिनांक 30 अगस्त 2026 को धारा 318(4), 3/5 बीएनएस एवं 3/4 द बंगाल पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट 1867 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले में अग्रतर कार्रवाई कर रही है.
थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई छापेमारी
छापेमारी दल में थाना प्रभारी पुअनि बमबम कुमार, पुअनि नफिस अहमद और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस अवैध जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई जारी रखे हुए है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए