‘एक शाम बाबा के नाम’ में शिवमय हुआ झुमरीतिलैया, नंदी बाबा सेवा ट्रस्ट के 27 साल के सेवा कार्य की सराहना

Updated:
विज्ञापन

भजन पर झुमती महिलाएं. | Prabhat Khabar Network

झुमरीतिलैया में नंदी बाबा सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित एक शाम बाबा के नाम कार्यक्रम में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। जानें पूरी खबर यहाँ।

विज्ञापन

झुमरीतिलैया: बाईपास स्थित होटल पीजी विराज में नंदी बाबा सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित एक शाम बाबा के नाम कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति, संस्कृति और सेवा भावना का अनुपम संगम बन गया. भव्य शिव दरबार में सजे भगवान शिव, शिवलिंग, भगवान गणेश, भगवान राम-लक्ष्मण-सीता, भगवान हनुमान, मां दुर्गा एवं नंदी बाबा की भव्य स्थापना ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक आभा से भर दिया. भक्ति गीतों की मधुर धुन और श्रद्धालुओं के जयघोष से देर शाम तक पूरा वातावरण शिवमय बना रहा.

आपके शहर में

विज्ञापन

कार्यक्रम में विधायक डॉ. नीरा यादव ने नंदी बाबा सेवा ट्रस्ट के 27 वर्षों के सेवा कार्य की विशेष रूप से सराहना की. उन्होंने कहा कि नंदी बाबा सेवा ट्रस्ट केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्षों से सेवा और समर्पण की मिसाल पेश कर रहा है. ट्रस्ट की ओर से ध्वजाधारी पहाड़ पर लगातार 27 वर्षों से अंतिम सोमवारी के अवसर पर महाप्रसाद का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हर वर्ष हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं.

उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी ध्वजाधारी पहाड़ पर भगवान शिव की पूजा-अर्चना के बाद ट्रस्ट की ओर से आयोजित महाप्रसाद में लगभग एक लाख श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था करना अपने आप में सेवा, समर्पण और व्यवस्थापन की बड़ी मिसाल है.

विधायक ने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं की सेवा करना भारतीय संस्कृति की सबसे सुंदर परंपराओं में से एक है और नंदी बाबा सेवा ट्रस्ट इसे निरंतर आगे बढ़ा रहा है.

27 वर्षों से लगातार निभाई जा रही है परंपरा : अध्यक्ष

नंदी बाबा सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि ट्रस्ट का मूल उद्देश्य भगवान शिव की भक्ति के साथ सेवा की भावना को समाज में मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि ध्वजाधारी पहाड़ पर अंतिम सोमवारी के अवसर पर महाप्रसाद की परंपरा पिछले 27 वर्षों से लगातार निभाई जा रही है. हर वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के बाद महाप्रसाद ग्रहण करते हैं. इस वर्ष करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने ट्रस्ट की ओर से आयोजित महाप्रसाद में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया.

उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सेवा करना ट्रस्ट के लिए सौभाग्य की बात है. उन्होंने इस सेवा कार्य को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं, सदस्यों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया. उदय सिंह ने कहा कि ‘एक शाम बाबा के नाम’ कार्यक्रम भी इसी सेवा, संस्कार और भक्ति की परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास है.

धार्मिक आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ना ट्रस्ट का प्रमुख उद्देश्य है. कार्यक्रम में यजमान के रूप में सौरभ सिंह थे. गौतम पांडेय ने वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन संपन्न कराया. पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की.

सांस्कृतिक कार्यक्रम में राकेश राजपूत एंड ग्रुप के कलाकारों ने भक्ति रस की ऐसी गंगा बहाई कि श्रद्धालु झूमने पर मजबूर हो गए. राकेश राजपूत ने ‘भोले बाबा बिना बिगड़ी कैसे बनी’ से कार्यक्रम का आगाज किया. इसके बाद सुरभि सिंह भोजपुरिया ने ‘मेरे शम्भू जटाधारी, ये कमाल हो गया...’ की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया. हजारीबाग से पहुंचे अखिलेश वर्मा ने ‘आओ अंगना पधारो गणेश जी...’ और ‘राम राम सिया राम...’ की मधुर प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया.

मौके पर भंडारा में सहयोग करने वाले दानदाताओं को सम्मानित भी किया गया. कार्यक्रम के उपरांत महाप्रसाद की व्यवस्था की गई, जिसमें उपस्थित सभी भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया. पूरे कार्यक्रम के दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा. मौके पर संजय शर्मा, सुनील कुमार सोनकर, अनिल साव, विकास वैश्खियार, मदन साव, विशाल कुमार सिंह, नवीन गुप्ता, प्रीतम सोनकर, दीपक साव, विनोद कुमार, प्रदीप प्रजापति, विजय गोयल, विपीन गुप्ता, आकाश गुप्ता, आशीष गुप्ता, नवीन गुप्ता, प्रीतम सोनकर, सुनील रजक, श्री राम संकीर्तन मंडल से बसंत गुप्ता, मनोज गुप्ता, मुन्ना भदानी , विक्की केसरी, बब्लू सिंह, ओमप्रकाश पंडित सहित कई सदस्य मौजूद थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola