Vishwakarma Puja 2026: खूंटी में विश्वकर्मा पूजा को लेकर उत्साह, वाशिंग सेंटर से शोरूम तक बढ़ी रौनक
पूजा को लेकर प्रतिमा तैयार करता कारीगर | Prabhat Khabar Network
देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा की तैयारियां ज़ोरों पर! खूंटी में सज रहे पंडाल, मूर्तियों को दिया जा रहा अंतिम रूप, और बाज़ारों में ख़रीदारी का उल्लास.
खूंटी. जिले में गुरुवार को देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा होगी. इस पर्व को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक उत्सव का माहौल है. विभिन्न गैराज, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, बिजली विभाग, नगर पंचायत, मोटिया मजदूर संघ समेत तकनीकी और व्यावसायिक संस्थानों में साफ-सफाई एवं सजावट का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है.
जगह-जगह तैयार हो रहे पूजा पंडाल
विश्वकर्मा पूजा को लेकर कई स्थानों पर आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किए जा रहे हैं. वहीं मूर्तिकार भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. प्रतिमाओं में रंग-रोगन और साज-सज्जा का काम लगभग पूरा हो चुका है. बुधवार तक अधिकांश प्रतिमाओं को पूजा स्थलों तक पहुंचाने की तैयारी है.
पूजा समितियां भी पंडाल के साथ आसपास के क्षेत्रों को सजाने में जुटी हुई हैं. शहर के कई हिस्सों में आकर्षक विद्युत सजावट की तैयारी की जा रही है.
पूजन सामग्री और सजावटी सामान की बढ़ी मांग
पूजा को लेकर बाजार में भी चहल-पहल बढ़ गयी है. चौक-चौराहों पर पूजन सामग्री, फूल-माला और सजावटी सामान की दुकानें सज गयी हैं. वाहन मालिक और चालक अपने वाहनों को सजाने के लिए झालर, फूल समेत अन्य सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं.
वाशिंग सेंटरों में वाहनों की कतार
विश्वकर्मा पूजा के दिन वाहन और मशीनों की पूजा करने की परंपरा है. इसके चलते शहर के वाशिंग सेंटरों में वाहनों की भीड़ बढ़ गयी है. सुबह से देर शाम तक दोपहिया, चारपहिया और व्यावसायिक वाहनों की धुलाई करायी जा रही है. कई वाशिंग सेंटरों पर वाहनों की कतार देखी जा रही है. बुधवार को भी भीड़ बढ़ने की संभावना है.
कई वाहन मालिक अपने स्तर पर नदी, तालाब या अन्य स्थानों पर वाहनों की साफ-सफाई कर रहे हैं. पूजा से पहले वाहनों को चमकाने के साथ फूल, झालर और अन्य सजावटी सामान से सजाने की भी तैयारी की जा रही है.
ये भी पढ़ें: हुसैनाबाद का घाघरा कुंड बांध झरना है प्रकृति का खूबसूरत तोहफा, पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की जरूरत
नये वाहन खरीदने को लेकर भी उत्साह
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर नया वाहन खरीदना भी शुभ माना जाता है. इसे देखते हुए जिले के वाहन शोरूमों में भी विशेष तैयारियां की गयी हैं. दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहन खरीदने वाले कई ग्राहकों ने पूजा के दिन डिलीवरी लेने के लिए पहले से बुकिंग करायी है.
वाहन शोरूमों में ग्राहकों के लिए अलग-अलग मॉडल और रेंज उपलब्ध करायी गयी है. कंपनियों और डीलरों की ओर से फाइनेंस सुविधा, छूट और अन्य ऑफर भी दिए जा रहे हैं.
कारोबार में तेजी की उम्मीद
विश्वकर्मा पूजा को लेकर वाहन, गैराज, मशीनरी और तकनीकी कार्य से जुड़े कारोबारियों में भी उत्साह है. पूजा के मद्देनजर बाजार में बढ़ी गतिविधियों से कारोबार में तेजी आने की उम्मीद जतायी जा रही है.
ये भी पढ़ें: NPU में वित्तीय अनियमितताओं का मामला राजभवन पहुंचा, वित्त मंत्री ने कुलपति को तत्काल हटाने की मांग की
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए