ePaper

खूंटी के कर्रा में जमीन विवाद में पिता की गोली मारकर हत्या, बेटे की हालत गंभीर

Updated at : 07 Mar 2026 10:41 AM (IST)
विज्ञापन
Khunti Firing

जमीन विवाद में खूंटी में गोलीबारी.

Khunti Firing: खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव में हथियारबंद अपराधियों ने पिता-पुत्र पर गोली चला दी. इस घटना में सुकरा महतो की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अर्जुन महतो गंभीर रूप से घायल है. जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

खूंटी से चंदन कुमार की रिपोर्ट

Khunti Firing: झारखंड के खूंटी जिले में शुक्रवार की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव में हथियारबंद दो अज्ञात अपराधियों ने पिता-पुत्र पर गोली चला दी. इस घटना में पिता सुकरा महतो (55 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अर्जुन महतो (19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

दुकान पर बैठे परिवार पर अचानक हमला

मृतक के बड़े बेटे नारायण महतो के अनुसार शुक्रवार की रात करीब आठ बजे परिवार के सभी सदस्य घर के पास स्थित किराना दुकान पर बैठे हुए थे. इसी दौरान दो अज्ञात हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे. दुकान पर पहुंचते ही अपराधियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. बदमाशों का निशाना सुकरा महतो का सबसे छोटा बेटा अर्जुन महतो था. जैसे ही अपराधियों ने उस पर गोली चलाई, अर्जुन ने खुद को बचाने की कोशिश की. हालांकि, इस दौरान गोली अर्जुन के दाहिने हाथ में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

बेटे को बचाने के दौरान पिता को मारी गोली

अर्जुन के घायल होने के बाद भी अपराधियों का हमला जारी रहा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने दुकान में कुर्सी पर बैठे अर्जुन के पिता सुकरा महतो को निशाना बनाया और उनके सीने में गोली मार दी. गोली लगते ही सुकरा महतो जमीन पर गिर पड़े. अचानक हुई इस घटना से परिवार और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए.

अस्पताल में डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित किया

घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल अर्जुन महतो और सुकरा महतो को कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सुकरा महतो को मृत घोषित कर दिया. वहीं अर्जुन महतो की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया. फिलहाल अर्जुन का इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है.

जमीन विवाद में हत्या की आशंका

परिजनों के अनुसार सुकरा महतो का परिवार वर्ष 2013 से अपने ससुराल तिमड़ा गांव में रह रहा था. बताया गया कि सुकरा महतो के ससुर ने अपनी जमीन अपनी बेटी और दामाद के नाम कर दी थी. इसी जमीन को लेकर परिवार के अन्य गोतिया के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. परिजनों का कहना है कि इसी विवाद के कारण सुकरा महतो की हत्या कराई गई हो सकती है. परिवार का यह भी कहना है कि अपराधियों का इरादा पूरे परिवार को निशाना बनाने का था, लेकिन सभी लोग इधर-उधर भागकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे.

इसे भी पढ़ें: 50,000 रुपये घूस ले रहे थे इंजीनियर साहब, सीबीआई ने मार दिया छापा! चले गए जेल

पुलिस जांच में जुटी, इलाके में दहशत

घटना की सूचना मिलते ही तोरपा के एसडीपीओ ख्रिस्टोफर केरकेट्टा, तोरपा इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. इस घटना के बाद तिमड़ा गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: मधुपुर एचडीएफसी बैंक डकैती मामले में बड़ी सफलता, एक और आरोपी गिरफ्तार

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola