खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो ने चलाया जनजागरण अभियान
कर्रा में जनजागरण के दौरान जानकारी देते झामुमो के नेता | Prabhat Khabar Network
झामुमो ने खूंटी में खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया और 7 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय में धरना देने की घोषणा की है.
कर्रा. झामुमो जिला समिति के तत्वावधान में मंगलवार को जिले के विभिन्न जगहों में खान और खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर जन जागरण अभियान चलाया गया. इसके तहत कर्रा के उड़ीकेल पंचायत के चापी, डेहकेला पंचायत के रुजू, कोटलो और जोरको तथा गोविंदपुर पंचायत के पुटुस टोली में ग्रामीणों के बीच बैठक किया गया.
आपके शहर में
ग्रामीणों को खनिज अधिकारों और प्रस्तावित कानून के संभावित प्रभावों की जानकारी दी गयी. झामुमो युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी ने कहा कि सात सितंबर को कर्रा प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय धरना दिया जायेगा. उन्होंने धरना में अधिक से अधिक संख्या में लोगों को शामिल होने का अपील किया.
इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत समस्याएं भी रखीं. इन समस्याओं से ग्राम सभा के माध्यम से तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया को अवगत कराया गया. मौके पर लछुवा लोहरा, गोडवीन हेमरोम, सुखराम कंडुलना, ग्राम प्रधान पतरस होरो, कैलाश तोपनो, मगरा पाहन सहित अन्य उपस्थित थे.
कनाडीह और चलागी में दी गयी जानकारी
खान और खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में गुटजोरा पंचायत के कनाडीह चट्टी और चलागी में जनजागरण अभियान चलाया गया. जिला संगठन सचिव शंकर सिंह मुंडा ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधन स्थानीय समुदायों के जीवन और आजीविका से जुड़े हैं. इसलिए खनिज संसाधनों से संबंधित कानून में स्थानीय लोगों के हित और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए.
प्रकाश नाग मुंडा ने कहा कि किसी भी नीति और कानून के ग्रामीणों पर दूरगामी प्रभाव पड़ सकते हैं. इसलिए उन्हें इसके प्रावधानों की जानकारी होना जरूरी है. इस दौरान ग्रामीणों से सात सितंबर को खूंटी प्रखंड मुख्यालय में आयोजित एकदिवसीय धरना में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गयी. मौके पर मांगू होरो, जिदान सोय, राम होरो, दुर्गा महतो, नगय संगा, गोपाल मुंडा, मंगरा मुंडा, जोसेफ संगा, संतोष संगा सहित अन्य उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए