12 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे, बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हुआ आम्रेश्वर धाम का श्रावणी मेला
आम्रेश्वर धाम स्थित शिवलिंग की सजावट | Prabhat Khabar Network
खूंटी के बाबा आम्रेश्वर धाम में सावन मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. एक महीने में 13 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक किया। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें.
खूंटी. सावन महीने के अवसर पर अंगराबारी स्थित बाबा आम्रेश्वर धाम में आयोजित एक माह लंबा श्रावणी मेला रविवार को संपन्न हो गया. पूरे सावन में करीब 12 से 13 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा आम्रेश्वर धाम में जलार्पण किया. रविवार और प्रत्येक सोमवारी को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. खास बात यह रही कि पूरे मेला अवधि में किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
आपके शहर में
रविवार और सोमवारी को उमड़ी सबसे ज्यादा भीड़
श्रद्धालु स्थानीय बनई नदी में स्नान-ध्यान करने के बाद बाबा आम्रेश्वर धाम पहुंचकर जलार्पण करते रहे. सावन पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष मेला लगाया गया, जिसमें लाखों लोग पहुंचे. पूर्णिमा के बाद भी रविवार तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही और बड़ी संख्या में लोगों ने जलाभिषेक किया.
सुरक्षा के लिए तैनात रहा प्रशासन
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए मंदिर प्रबंध समिति और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किये थे. दंडाधिकारी, पुलिस बल, समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और वालंटियर अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहे. ड्यूटी चार्ट तैयार कर जिम्मेदारियां तय की गयी थीं.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन समेत अन्य व्यवस्थाएं भी उपलब्ध रहीं. पूरे महीने व्यवस्था के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
पांच हजार लोगों ने लिया शीघ्र दर्शन का लाभ
श्रद्धालुओं के लिए शीघ्र दर्शन की व्यवस्था भी की गयी थी. समिति के अनुसार करीब दो हजार श्रद्धालुओं ने शुल्क देकर शीघ्र दर्शन किया. वहीं जिला प्रशासन की ओर से करीब तीन हजार लोगों को शीघ्र दर्शन की सुविधा दी गयी.
रुद्राभिषेक और विशेष श्रृंगार पूजा भी हुई
सावन महीने में आम्रेश्वर धाम में 70 से अधिक लोगों ने रुद्राभिषेक कराया. समिति की ओर से पांच दिनों तक विशेष श्रृंगार पूजा का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया.
समिति ने सभी के प्रति जताया आभार
श्रावणी मेला सफलतापूर्वक संपन्न होने पर बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति ने जिला प्रशासन समेत सभी सहयोगी विभागों और संस्थाओं के प्रति आभार जताया. रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में समिति के महामंत्री मनोज कुमार ने जिला प्रशासन, बिजली विभाग, नगर पंचायत खूंटी, स्वास्थ्य विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और प्रेस-मीडिया को धन्यवाद दिया. उन्होंने समिति के सभी सदस्यों के सहयोग के लिए भी आभार जताया.
एक महीने तक लोगों को मिला रोजगार
मेला परिसर में पूरे महीने विभिन्न प्रकार की दुकानें लगी रहीं. इनमें जरूरत के सामान, मिठाई, फूल, प्रसाद, खिलौने और अन्य सामग्री की दुकानें शामिल थीं. इसके अलावा खेल-तमाशे भी लगाये गये. इससे स्थानीय दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को एक महीने तक कमाई का अवसर मिला.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए