झारखंड में 15 से 18 मार्च तक गरज के साथ बरसेगा बादल, 24 में से 20 जिलों में येलो अलर्ट
झारखंड में 15 से 18 मार्च तक बारिश होगी. एआई जेनरेटेड प्रतीकात्मक फोटो
Jharkhand Weather Alert: झारखंड में 15 से 18 मार्च 2026 के बीच मौसम अचानक बदलने वाला है. मौसम विभाग ने रांची समेत राज्य के 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान मेघ गर्जन, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
Jharkhand Weather Alert: झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने 15 से 18 मार्च 2026 के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस दौरान राज्य के 24 में से 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में मेघ गर्जन, तेज हवाओं और हल्की बारिश की आशंका जताई गई है.
आपके शहर में
13 और 14 मार्च को मौसम रहेगा साफ
मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 14 मार्च को राज्य के अधिकांश इलाकों में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. दिन के समय गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है, जबकि रात के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा.
15 मार्च से मौसम में बदलाव की संभावना
15 मार्च से राज्य के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि इस दिन आकाश में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवा चलने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
इन 20 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 15 मार्च को जिन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, उनमें रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज शामिल हैं. इन जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.
धनबाद के पुटकी में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई. इस दौरान धनबाद जिले के पुटकी में सबसे अधिक 19 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. बारिश के कारण कुछ इलाकों में तापमान में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई.
मेदिनीनगर रहा सबसे गर्म
राज्य में तापमान की बात करें तो गुरुवार को मेदिनीनगर सबसे गर्म रहा. यहां का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस साल का अब तक का सबसे अधिक तापमान है.
प्रमुख शहरों का तापमान
राजधानी रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा. चाईबासा में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
इसे भी पढ़ें: कहां गया कृषि विभाग का 1.65 करोड़? पलामू में दफ्तर बनाने के लिए 15 साल पहले हुआ था आवंटित
बारिश के दौरान खुले स्थानों में न रहें
मौसम विभाग का कहना है कि 15 से 18 मार्च के बीच राज्य के कई इलाकों में मौसम अस्थिर रह सकता है. ऐसे में लोगों को आंधी, बिजली और बारिश के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 15 मार्च के बाद बदलेगा मौसम, 6 जिलों में गरज के साथ होगी बारिश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए