सोनाहातू के स्कूल में छात्र को परीक्षा से रोकने का आरोप, मिड डे मील में मुड़ी-बिस्कुट देने की भी शिकायत
मुड़ी के पैकेट के साथ बच्चे | प्रभात खबर
सोनाहातू के सिगिद प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था और मध्याह्न भोजन को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं. सहायक शिक्षक पर छात्र को प्रताड़ित करने और परीक्षा में न बैठाने का आरोप है. साथ ही, मिड-डे मील में दाल-भात की जगह मुड़ी-बिस्किट देने का भी खुलासा हुआ है.
सोनाहातू. रांची के सोनाहातू प्रखंड के तेलवाडीह पंचायत अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय सिगिद में शिक्षा व्यवस्था और मध्याह्न भोजन को लेकर सवाल उठे हैं. सहायक शिक्षक अनुसरण मिंज पर छात्र अमित लोहरा को कथित रूप से प्रताड़ित करने और परीक्षा में बैठने से रोकने का आरोप लगा है. वहीं, ग्रामीणों ने विद्यालय में निर्धारित मेनू के अनुसार मध्याह्न भोजन नहीं मिलने का भी आरोप लगाया है.
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को विद्यालय में बच्चों को दाल-भात के बजाय मुड़ी और बिस्कुट दिया गया. आरोप है कि शिक्षक ने छात्र अमित लोहरा को परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया. छात्र की मां इसी विद्यालय में रसोइया के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने शिक्षक से बच्चे को परीक्षा में बैठाने का आग्रह किया, लेकिन आरोप है कि उनकी बात नहीं मानी गयी.
लकड़ी नहीं मिलने पर बाहर से लाने का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जाता है. कई बार खाना बनाने के लिए लकड़ी उपलब्ध नहीं करायी जाती, जिसके कारण बाहर से लकड़ी लाकर भोजन तैयार करना पड़ता है.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक दिन शिक्षक ने खाना बनाने वाले चूल्हे में पानी डाल दिया और कहा कि उस दिन खाना नहीं बनेगा. इसके बाद बच्चों को दाल-भात के बजाय मुड़ी और बिस्कुट दिया गया.
65 बच्चों पर दो शिक्षक
विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक करीब 65 बच्चे नामांकित हैं. यहां एक नियमित शिक्षक और एक प्रतिनियुक्त शिक्षक के पदस्थापित होने की जानकारी दी गयी है. ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है.
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की शिक्षा और पोषण के लिए सरकार की ओर से योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन विद्यालय की कथित स्थिति इन योजनाओं की जमीनी निगरानी पर सवाल खड़े करती है.
बीपीओ बोले- जांच के बाद ही कुछ बता पायेंगे
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के छह प्रखंडों के प्रभार में रहने के कारण सोनाहातू प्रखंड का नियमित दौरा नहीं होने की बात कही गयी है. मामले में बीपीओ गोपाल ठाकुर ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है. जांच के बाद ही इस संबंध में कुछ बता पायेंगे.
वहीं, आरोपों को लेकर सहायक शिक्षक अनुसरण मिंज से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस संबंध में बात करने से इनकार कर दिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए