MMDR संशोधन बिल पर AJSU और JLKM का विरोध, हेमंत सरकार से भी पूछे सवाल
झारखंड का विधानसभा भवन.
MMDR संशोधन विधेयक पर आजसू और JLKM ने झारखंड विधानसभा में कड़ा विरोध जताया है. खनिज संपदा पर स्थानीय लोगों के अधिकार की मांग के साथ हेमंत सरकार से विकास पर जवाबदेही मांगी गई है.
रांची. झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में MMDR संशोधन विधेयक 2026 को लेकर सियासी घमासान जारी है. केंद्र सरकार के संशोधन का सत्ता पक्ष और विपक्षी दलों के साथ आजसू और JLKM ने भी विरोध किया. हालांकि, सदन में आजसू विधायक निर्मल महतो और JLKM विधायक जयराम महतो ने खनिज संपदा पर झारखंड के अधिकार की मांग उठाने के साथ हेमंत सोरेन सरकार को भी विकास और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे पर घेरा.
निर्मल महतो बोले- खनिज संपदा पर झारखंड के लोगों का हो अधिकार
सदन में अपनी बात रखते हुए आजसू विधायक निर्मल महतो ने कहा कि उनकी पार्टी MMDR संशोधन विधेयक का विरोध करती है. उन्होंने कहा कि आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो और पार्टी का मानना है कि झारखंड की खनिज संपदा पर यहां के लोगों का अधिकार होना चाहिए. जब खनिज झारखंड का है, तो उसके संसाधनों पर अधिकार भी यहां के लोगों का होना चाहिए.
हालांकि, निर्मल महतो ने केंद्र सरकार का विरोध करने के साथ राज्य सरकार से भी कई सवाल पूछे. उन्होंने धनबाद समेत उन जिलों का मुद्दा उठाया, जहां बड़े पैमाने पर खनन होता है. उन्होंने सवाल किया कि खनन प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों की स्थिति क्या है. वहां सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का कितना विकास हुआ है. खनिज संपदा से राज्य को मिलने वाले लाभ का फायदा स्थानीय लोगों तक क्यों नहीं पहुंच रहा है.
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो उन्हें बार-बार अपनी बात समाप्त कर बैठने का आग्रह करते रहे. लेकिन निर्मल महतो अपनी बात रखते रहे. बाद में अध्यक्ष ने जयराम महतो को बोलने के लिए आमंत्रित किया, जिसके बाद निर्मल महतो शांत हुए.
यह भी पढ़ें: होटवार जेल में कथित यौनाचार के आरोपों की जांच, पीड़ित ने चिह्नित किये चार स्थान
जयराम महतो ने उठाया विस्थापन और स्थानीय अधिकार का मुद्दा
JLKM विधायक जयराम महतो ने भी MMDR संशोधन विधेयक का विरोध किया. उन्होंने कहा कि खनिज संपदा और जमीन झारखंड की है, लेकिन इसका लाभ किसी दूसरे को कैसे मिल सकता है. खनन का दंश यहां के लोग झेलते हैं. बड़े पैमाने पर विस्थापन होता है और पर्यावरण प्रभावित होता है, जबकि लाभ दूसरे राज्यों और लोगों को मिलता है.
उन्होंने सवाल उठाया कि जब खनिज झारखंड से निकलता है और उसके दुष्परिणाम यहां के लोगों को भुगतने पड़ते हैं, तो उसके लाभ पर पहला अधिकार झारखंड का क्यों नहीं होना चाहिए.
जयराम महतो ने अपने संबोधन में राज्य सरकार को भी विकास और स्थानीय लोगों से जुड़े मुद्दों पर घेरा. उन्होंने सरकार से इन सवालों पर जवाब मांगा. इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें भी कई बार बैठने का आग्रह किया, लेकिन जयराम महतो अपनी बात रखते रहे.
केंद्र के संशोधन का विरोध, राज्य सरकार से भी जवाबदेही की मांग
MMDR संशोधन विधेयक के विरोध में आजसू और JLKM का रुख स्पष्ट रहा. दोनों दलों ने खनिज संपदा पर झारखंड के लोगों के अधिकार की बात उठायी. हालांकि, उनके संबोधन में राज्य सरकार के प्रति सवाल भी प्रमुखता से सामने आये.
दोनों विधायकों ने सवाल किया कि खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद खनन प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय लोगों की स्थिति में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं हुआ है. इस तरह सदन में केंद्र सरकार के संशोधन के खिलाफ विरोध जताने के साथ आजसू और JLKM ने हेमंत सरकार को भी जवाबदेही के कठघरे में खड़ा किया.
यह भी पढ़ें: रिम्स जमीन घोटाला: अधिकारियों के ठिकानों से मिले जमीन के डीड, आय से अधिक संपत्ति की जांच तेज
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए