बेटी की शादी के लिए रखे नकदी व जेवरात समेत चार लाख की चोरी
Published by : JIYARAM MURMU Updated At : 17 Feb 2026 9:16 PM
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी की गयी राशि बेटी की शादी के लिए कर्ज लेकर घर में रखी गयी थी.
ताराबहाल की घटना, खाली घर को चोरों ने बनाया निशाना प्रतिनिधि, विद्यासागर करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ताराबहाल गांव में एक घर से चार लाख की संपत्ति की चोरी हो गयी है. बताया जाता है कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जब घर के सभी सदस्य पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गये थे. तभी घात लगाए बदमाशों ने सुनसान मकान को निशाना बना लिया. मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ कर अंदर घुसे बदमाशों ने घर में रखी अलमीरा को खंगाला और करीब दो लाख 50 हजार रुपये नकद तथा लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये के सोना-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया. पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी की गयी राशि बेटी की शादी के लिए कर्ज लेकर घर में रखी गयी थी. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के होश उड़ गये. शादी की तैयारियों के बीच वारदात ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. ग्रामीणों में भी भय और आक्रोश का माहौल है. दिनदहाड़े हुए इस घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की आवश्यकता है. सूचना मिलते ही करमाटांड़ पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास की कई दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. थाना प्रभारी चंदन कुमार तिवारी ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जायेगी. फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है. लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










