साइबर अपराध पर ट्राई की पाठशाला, अनजान लिंक-कॉल से रहें सावधान; ओटीपी और बैंक जानकारी न करें साझा
कार्यक्रम का उद्घाटन करते अतिथि | Prabhat Khabar Network
साइबर अपराधों से बचाव और दूरसंचार उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें अनजान कॉल, लिंक और ओटीपी साझा करने के खतरों के बारे में बताया गया, जो ठगी से बचने के लिए बेहद जरूरी है.
बिंदापाथर से विधान साधु की रिपोर्ट
बिंदापाथर : साइबर अपराधों की रोकथाम और दूरसंचार उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय उच्च विद्यालय, गेड़िया में भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई), कोलकाता की ओर से एक दिवसीय उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में दूरसंचार एवं प्रसारण क्षेत्र में उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण सेवा और शिकायतों के समयबद्ध निपटारे से संबंधित जानकारी दी गई.
अनजान कॉल और लिंक से रहें सतर्क
ट्राई की ओर से कैग सदस्य जितेंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं. मोबाइल पर आने वाले अनजान संदेश, लिंक और फोन कॉल के प्रति विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही साइबर ठगी से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है.
विद्यार्थियों को जागरूक करना जरूरी
विद्यालय के प्रधानाध्यापक जगन्नाथ मंडल ने कहा कि विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है. बच्चे मोबाइल और इंटरनेट का अधिक उपयोग करते हैं, इसलिए उन्हें सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की जानकारी देना जरूरी है. उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए ट्राई की टीम के प्रति आभार जताया.
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में राजेश कुमार, सुनील कुमार महतो, तपन महतो, दुलाल चंद्र महतो, उत्पल दास, पूजा कुमारी, अशोक जी सहित अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए