बेकाबू कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर, बच्ची समेत छह लोग घायल, महिला नदी में बही
क्षतिग्रस्त बाइक.
घाटशिला के अमाइनगर पुलिया पर अनियंत्रित कार ने कई वाहनों को टक्कर मारी। हादसे में छह लोग घायल हुए और एक महिला नदी में बह गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र की अमाइनगर पुलिया पर बुधवार रात करीब नौ बजे अनियंत्रित कार (जेएच05डीके-0236) ने स्कूटी और बाइक समेत कई वाहनों को टक्कर मारी, जिससे बच्ची समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गये. वहीं, कार की चपेट में आने के बाद एक महिला पुलिया से नीचे सुवर्णरेखा नदी में गिरी और बह गयी. देर रात तक उसका पता नहीं चल सका था. उसकी तलाश जारी है. ग्रामीणों ने एनडीआरएफ की टीम को बुलाने की मांग की है. मौके पर एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी व थाना प्रभारी राजेंद्र मुंडा पहुंचे थे. देर रात तक पुलिया पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार मुसाबनी की ओर जा रही थी. अमाइनगर पुलिया के पास उसने एक एम्पीयर इलेक्ट्रिक स्कूटी और हीरो होंडा सीडी-100 बाइक को जोरदार टक्कर मारी.
आपके शहर में

हादसे में घायल और प्रभावित लोग
सुब्रतो सिन्हा (56)- गोपालपुर निवासी, गंभीर रूप से घायल.श्रेया सिन्हा (5) - सुब्रतो की पुत्री, गंभीर रूप से घायल.
सुष्मिता सिन्हा - सुब्रतो की पत्नी, कार के धक्के से नदी में गिरी और बह गयी चांद सिन्हा (2)- सुब्रतो का दो वर्षीय पुत्र, सुरक्षित
सुरेश भकत (60) - अमाईनगर निवासी, पैर में गंभीर चोट.नेहा वर्मा (26)- घायल
रिंकी वर्मा (30) - प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजी गयी
ग्रामीणों ने कार सवार दो युवकों को पीटा, थाने ले गयी पुलिस
हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार सवार दो युवकों को पकड़कर पिटाई कर दी. ग्रामीणों ने दोनों पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप लगाया. सूचना पर थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा पुलिस बल के साथ पहुंचे. दोनों को थाने ले गये. चालक की पहचान मुसाबनी के मेढ़िया निवासी गोवर्धन पातर (45) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसी कार ने इससे पहले स्टेशन चौक के पास एक महिला, उसके पति और बच्चे को भी टक्कर मारी थी. इसके बाद कार अमाइनगर की ओर भागी. एंबुलेंस समय पर नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने अपने वाहनों और ऑटो से घायलों को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए