टाटा स्टील के तीन डिवीजन में बोनस पर मुहर, किसी को 3.30 लाख तो किसी को मिलेंगे 72 हजार रुपये

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

टाटा स्टील के तीन प्रमुख डिवीजनों - ग्रोथ शॉप, गम्हरिया और वायर डिवीजन में कर्मचारियों के लिए बोनस समझौते हो गए हैं. इन समझौतों के तहत कुल 9.65 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि बांटी जाएगी, जिससे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी. कर्मचारियों को न्यूनतम 32,381 रुपये से लेकर अधिकतम 3,30,134 रुपये तक का बोनस मिलेगा.

विज्ञापन

जमशेदपुर: टाटा स्टील के कर्मचारियों के बोनस समझौते के बाद कंपनी के अलग-अलग डिवीजन में भी बोनस को लेकर समझौते हो रहे हैं. गुरुवार को टाटा स्टील ग्रोथ शॉप (टीजीएस), टाटा स्टील गम्हरिया और टाटा स्टील के वायर डिवीजन का बोनस समझौता हुआ. इन तीनों डिवीजन के कर्मचारियों के बीच कुल 9.65 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि बांटी जायेगी. कर्मचारियों को न्यूनतम 32 हजार 381 रुपये से लेकर अधिकतम 3 लाख 30 हजार 134 रुपये तक बोनस मिलेगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

टाटा स्टील ग्रोथ शॉप में 2.75 करोड़ रुपये बोनस

टाटा स्टील जनरल ऑफिस के बोर्ड रूम में टाटा स्टील प्रबंधन और टिस्को मजदूर यूनियन के बीच टाटा स्टील ग्रोथ शॉप के कर्मचारियों के बोनस को लेकर समझौता हुआ. इसके तहत टीजीएस के कर्मचारियों के बीच 2.75 करोड़ रुपये की बोनस राशि बांटी जायेगी. कर्मचारियों को न्यूनतम 34 हजार रुपये और अधिकतम 3 लाख 30 हजार 134 रुपये बोनस के रूप में मिलेंगे.

समझौते पर कंपनी की चीफ पीपुल अफसर अतरई सान्याल, वाइस प्रेसिडेंट इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट अक्षय खुल्लर, सीएचआरओ इंडिया मैन्युफैक्चरिंग जुबिन पालिया समेत अन्य पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किये. वहीं यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महासचिव शिव लखन सिंह, उपाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय, संयुक्त सचिव नवीन कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष दिलीप महतो तथा यूनियन के कार्यकारिणी सदस्य रंजन मिश्रा, ओमप्रकाश पाठक समेत अन्य ने हस्ताक्षर किये.

टाटा स्टील गम्हरिया में 4.71 करोड़ रुपये का बोनस

टाटा स्टील गम्हरिया, जो अधिग्रहित उषा मार्टिन है, के कर्मचारियों का भी गुरुवार को बोनस समझौता हुआ. इसके तहत कर्मचारियों के बीच 4.71 करोड़ रुपये बोनस राशि बांटी जायेगी. समझौते से 672 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा. कर्मचारियों को न्यूनतम 32 हजार 831 रुपये और अधिकतम 72 हजार 407 रुपये बोनस मिलेगा.

पिछले साल की तुलना में इस साल कर्मचारियों को ज्यादा बोनस दिया जा रहा है. पिछले साल 773 कर्मचारियों के बीच 4.06 करोड़ रुपये बोनस राशि बांटी गयी थी. उस समय कर्मचारियों को न्यूनतम 30 हजार 581 रुपये और अधिकतम 65 हजार 218 रुपये बोनस मिला था.

इस बार के बोनस समझौते पर टाटा स्टील की चीफ पीपुल ऑफिसर अतरई सान्याल, वीपी ऑपरेशंस चैतन्य भानु, सीएचआरओ इंडिया जुबिन पालिया, चीफ एचआरबीपी यशवंत कुमार पांडेय, चीफ गम्हरिया प्लांट रंजन कुमार सिंह और एचआर हेड गम्हरिया प्लांट रोहन कुमार ने हस्ताक्षर किये. टाटा कामगार यूनियन की ओर से अध्यक्ष बीके डिंडा, महामंत्री विकास कुमार सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष देवोजित पाल ने समझौते पर हस्ताक्षर किये.

वायर डिवीजन के 400 कर्मचारियों में बंटेंगे 2.19 करोड़

टाटा स्टील के वायर डिवीजन यानी तार कंपनी और जेम्को का भी बोनस समझौता गुरुवार को हुआ. इसके तहत कंपनी के 400 कर्मचारियों के बीच 2.19 करोड़ रुपये की बोनस राशि बांटी जायेगी. टाटा स्टील में हुए समझौते की तर्ज पर वायर डिवीजन के कर्मचारियों के लिए भी बोनस समझौता किया गया है.

इस समझौते के तहत कर्मचारियों को न्यूनतम 32 हजार 381 रुपये और अधिकतम 91 हजार 132 रुपये बोनस के रूप में मिलेंगे.

बोनस समझौता ज्ञापन पर प्रबंधन की ओर से टाटा स्टील की चीफ पीपुल ऑफिसर अतरई सान्याल, वीपी ऑपरेशंस डाउनस्ट्रीम उज्ज्वल चक्रवर्ती, सीएचआरओ इंडिया मैन्युफैक्चरिंग जुबिन पालिया, चीफ आईआर, लीगल एवं सीडब्ल्यूएम राहुल दुबे समेत अन्य पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किये.

वहीं यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, डिप्टी प्रेसिडेंट अमित कुमार सरकार, वाइस प्रेसिडेंट अमरीक सिंह, महासचिव पंकज कुमार सिंह, संयुक्त महासचिव मंजीत सिंह, सहायक सचिव सुजाता मित्रा और कोषाध्यक्ष भास्कर रॉय ने समझौते पर हस्ताक्षर किये.

तीनों डिवीजन में करोड़ों की बोनस राशि

टाटा स्टील ग्रोथ शॉप, टाटा स्टील गम्हरिया और वायर डिवीजन को मिलाकर कर्मचारियों के बीच कुल 9.65 करोड़ रुपये की बोनस राशि बांटी जायेगी. इनमें टीजीएस में 2.75 करोड़ रुपये, टाटा स्टील गम्हरिया में 4.71 करोड़ रुपये और वायर डिवीजन में 2.19 करोड़ रुपये बोनस राशि शामिल है. तीनों डिवीजन में बोनस समझौते के बाद कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola